एनएसएस युवाओं में राष्ट्रभक्ति और सेवा भावना का निर्माण करती है : सतीश मच्छाल
कैथल: उच्चतर शिक्षा विभाग हरियाणा द्वारा राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवकों का राज्य स्तरीय विशेष शिविर पीएम श्री कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कैथल में 31 मई से 6 जून 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। शिविर के दौरान जिला युवा समन्वयक अधिकारी एवं प्रधानाचार्य राजकीय आईटीआई कैथल सतीश मच्छाल ने स्वयंसेवकों को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि आज का युवा नशीले पदार्थों और मोबाइल के अत्यधिक उपयोग के कारण अपने स्वास्थ्य एवं भविष्य को नुकसान पहुंचा रहा है। छात्र जीवन में अनुशासन, सेवा, समर्पण और राष्ट्रप्रेम की भावना अत्यंत आवश्यक है, तभी एक विद्यार्थी सफल और जिम्मेदार नागरिक बन सकता है।
सतीश मच्छाल ने बताया कि युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता विभाग हरियाणा द्वारा 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिनके माध्यम से उन्हें जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है।
राष्ट्रीय सेवा योजना कैथल के नोडल अधिकारी विजेंद्र सिंह ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए स्वयंसेवकों को एनएसएस के मूल मंत्र “नॉट मी बट यू” की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह संदेश सेवा, सहयोग और परोपकार की भावना को दर्शाता है।
उन्होंने बताया कि शिविर के दौरान स्वयंसेवकों ने विद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया, जिसमें लगभग तीन से चार ट्रॉली कूड़ा-कचरा एकत्रित किया गया। इस अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता पैदा करना और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित करना है।
राज्य स्तरीय इस शिविर में हिसार, सिरसा, फतेहाबाद और कैथल जिलों से 50-50 छात्र-छात्राएं भाग ले रहे हैं। कुल 200 स्वयंसेवकों की व्यवस्थाओं के लिए विभिन्न जिलों के कार्यक्रम अधिकारियों की ड्यूटियां लगाई गई हैं।
कार्यक्रम में विभिन्न जिलों से आए एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी, शिक्षक एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।










Leave a Reply