नशा मुक्त हो जिला अभियान के तहत सेंसी बस्ती में पुलिस का बड़ा सर्च ऑपरेशन
करीब 100 पुलिस कर्मियों ने संदिग्ध नशा एवं शराब तस्करों के ठिकानों पर चलाया सघन चेकिंग अभियान
कैथल। नशा एवं शराब तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे “नशा मुक्त हो जिला” अभियान के तहत कैथल पुलिस ने शनिवार सुबह कलायत की सेंसी बस्ती में बड़े स्तर पर सर्च अभियान चलाया। अभियान का उद्देश्य नशा तस्करों पर शिकंजा कसना, अपराध पर अंकुश लगाना तथा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाना रहा।
पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार चलाए गए इस अभियान में विभिन्न पुलिस इकाइयों ने संयुक्त रूप से भाग लिया।
करीब 100 पुलिस कर्मियों ने की कार्रवाई
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सीआईए कलायत प्रभारी एएसआई मनीष कुमार तथा एंटी नारकोटिक सेल-2 प्रभारी पीएसआई सनेश कुमार के नेतृत्व में सीआईए-1, एवीटी स्टाफ, एएनसी तथा कमांडो दस्ते सहित करीब 100 पुलिस कर्मचारियों ने सेंसी बस्ती कलायत में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया।
इस दौरान संदिग्ध नशा एवं शराब तस्करों के घरों तथा अन्य संभावित ठिकानों की गहन जांच की गई।
घरों और ठिकानों की ली गई तलाशी
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने घरों, गोदामों तथा अन्य स्थानों की बारीकी से तलाशी ली, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कहीं मादक पदार्थ, अवैध शराब या अन्य गैरकानूनी गतिविधियों से जुड़ा सामान छिपाकर तो नहीं रखा गया है।
पुलिस ने यह भी जांच की कि कहीं कोई संदिग्ध व्यक्ति अवैध रूप से रहकर आपराधिक गतिविधियों को अंजाम तो नहीं दे रहा।
नशा तस्करों को दी गई सख्त चेतावनी
पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र के लोगों को स्पष्ट चेतावनी दी कि नशीले पदार्थों और अवैध शराब के कारोबार में शामिल पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी नशा तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा।
अधिकारियों ने कहा कि जिला पुलिस नशे के अवैध कारोबार को जड़ से समाप्त करने के लिए पूरी गंभीरता से कार्य कर रही है।
अवैध संपत्ति की भी होगी जांच
एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य अपराधियों और नशा तस्करों में कानून का भय उत्पन्न करना तथा जिले को नशामुक्त बनाना है।
उन्होंने कहा कि नशा बेचकर अर्जित की गई संपत्तियों की भी जांच की जा रही है। जांच में यदि किसी व्यक्ति की अवैध संपत्ति नशे के कारोबार से अर्जित पाई जाती है तो उसे कानूनी प्रक्रिया के तहत अटैच करवाया जाएगा।
आमजन से मांगा सहयोग
पुलिस ने सर्च अभियान के दौरान आमजन को नशे के दुष्परिणामों के प्रति भी जागरूक किया तथा उनसे अपील की कि यदि उनके क्षेत्र में कोई व्यक्ति नशा बेचता है या किसी अन्य आपराधिक गतिविधि में शामिल है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।
एसपी ने कहा कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि नशा तस्करों की असली जगह जेल है और उनके खिलाफ कार्रवाई भविष्य में भी लगातार जारी रहेगी।









Leave a Reply