“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

मोबाइल शॉप पर फायरिंग मामले में बड़ी सफलता, स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट ने 2 वांछित आरोपी दबोचे

मोबाइल दुकान पर फायरिंग मामले में बड़ी कार्रवाई, स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट ने 2 वांछित आरोपी किए काबू

📍 कैथल | 🗓️ Updated: April 2026
गिल मोबाइल शॉप पर फायरिंग कर 1 करोड़ की फिरौती मांगने वाले गिरोह के दो आरोपी गिरफ्तार, पुलिस जांच में कई अहम खुलासे।

कैथल, 17 अप्रैल: स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट द्वारा एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के कुशल नेतृत्व में संगठित अपराध व फिरौती से जुड़े मामलों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की गई है।

डीएसपी सुशील प्रकाश ने जानकारी देते हुए बताया कि 4 अप्रैल की शाम करीब 6 बजे चानना रोड स्थित “गिल मोबाइल” शॉप पर दो अज्ञात युवकों ने मोटरसाइकिल पर आकर फायरिंग कर दी थी। हमलावर मुंह पर कपड़ा बांधे हुए थे और वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। इस संबंध में थाना चीका में मामला दर्ज किया गया था।

मामले की जांच स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार की अगुवाई में एएसआई तरसेम की टीम द्वारा की गई, जिसके तहत आरोपी गांव भागल निवासी रवि कुमार (उम्र 28 वर्ष, शिक्षा 10वीं) और गांव भराणी खालसा निवासी भरत कुमार (उम्र करीब 19 वर्ष, शिक्षा 12वीं) को काबू कर लिया गया।

डीएसपी ने बताया कि इससे पूर्व 14 अप्रैल की रात पुलिस टीम द्वारा गुप्त सूचना के आधार पर ढांड क्षेत्र में दबिश दी गई थी, जहां आरोपी रजत निवासी कुरुक्षेत्र बाइक पर भागने लगा और केएमपी 152डी पुल के पास पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आरोपी द्वारा पुलिस पर लगभग चार राउंड फायर किए गए।

पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में सीमित एवं नियंत्रित जवाबी कार्रवाई की गई, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे मौके पर ही काबू कर लिया गया। आरोपी के कब्जे से एक अवैध देसी पिस्तौल .32 बोर, 2 जिंदा कारतूस और 4 खाली खोल बरामद हुए थे।

जांच में सामने आया कि आरोपी भरत फायरिंग के दौरान बाइक चला रहा था और उसने भी फायर किए थे, जबकि आरोपी रवि ने वारदात के बाद अन्य आरोपियों की मदद की और हथियार अपने पास रखकर आगे गिरोह में शामिल लोगों को सप्लाई किए।

आरोपी भरत और रजत की गिरफ्तारी पर हरियाणा पुलिस द्वारा 5 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने उक्त मोबाइल दुकान पर फायरिंग कर करीब 1 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी।

दोनों आरोपियों को शुक्रवार को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा, ताकि आगे की पूछताछ की जा सके और मामले में अन्य आरोपियों की भी गिरफ्तारी हो सके।

More News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *