खेल-खेल में मिलेगी साइबर और सड़क सुरक्षा की सीख, ‘साइबर सुरक्षा एवं सड़क सुरक्षा खेल पिटारा’ का हुआ विमोचन
कैथल। जिला पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय नवाचारी शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित हिंदी प्राध्यापक डॉ. विजय कुमार चावला द्वारा तैयार किए गए ‘साइबर सुरक्षा एवं सड़क सुरक्षा जागरूकता खेल पिटारा’ का बुधवार को विमोचन किया गया। इस अवसर पर साइबर एवं सड़क सुरक्षा जागरूकता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए डॉ. चावला को सम्मानित भी किया गया।
एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने बताया कि कैथल हरियाणा का पहला जिला बन गया है, जहां सभी विद्यालयों में ‘साइबर सुरक्षा एवं सड़क सुरक्षा खेल पिटारा’ तथा सड़क सुरक्षा जागरूकता गतिविधियों का क्रियान्वयन किया जाएगा। शिक्षा विभाग के सहयोग से विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं आमजन को खेल-खेल में सुरक्षित डिजिटल व्यवहार और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य लोगों को साइबर अपराधों से बचाव तथा सड़क सुरक्षा नियमों के पालन के प्रति जागरूक बनाना है, ताकि सुरक्षित समाज और जिम्मेदार नागरिकता को बढ़ावा दिया जा सके।
डॉ. विजय कुमार चावला द्वारा विकसित इस खेल पिटारे में पासा खेल, साँप-सीढ़ी, लूडो, रोल-प्ले, शब्द खोज पहेली और स्लोगन लेखन जैसी रचनात्मक गतिविधियों को शामिल किया गया है। इनके माध्यम से प्रतिभागियों को मजबूत पासवर्ड बनाने, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने, फर्जी लिंक की पहचान करने, व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा करने, सुरक्षित सोशल मीडिया उपयोग तथा साइबर अपराधों की रिपोर्टिंग संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएंगी।
इसके साथ ही हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, यातायात संकेतों का पालन करने, गति सीमा का सम्मान करने और सुरक्षित सड़क व्यवहार अपनाने के प्रति भी जागरूक किया जाएगा।
एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि यह अभिनव पहल विद्यार्थियों में रचनात्मकता, सहभागिता, नेतृत्व क्षमता और जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करने के साथ-साथ “सुरक्षित इंटरनेट–सुरक्षित समाज–सुरक्षित भारत” तथा “सुरक्षित सड़क–सुरक्षित जीवन” के लक्ष्य को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।


Leave a Reply