कैथल, 8 अगस्त। कैथल पुलिस द्वारा जिले को नशामुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के नेतृत्व में पुलिस ने रामथली पुलिस चौकी क्षेत्र में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1 किलो 250 ग्राम चूरापोस्त और 2 लीटर अवैध शराब बरामद की है।
खरका-उरलाना रोड पर नाकाबंदी कर आरोपी को पकड़ा
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, पुलिस चौकी रामथली प्रभारी एएसआई राजेश कुमार की टीम गश्त के दौरान खरकां क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि खरका निवासी अमरीक राम उर्फ नंदलाल अवैध शराब बेचने का काम करता है और बैग में अवैध शराब लेकर गांव उरलाना की ओर जाने वाला है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने उरलाना-खरका रोड पर नाकाबंदी कर दी। करीब 15-20 मिनट बाद पुलिस टीम को खरका की तरफ से पैदल आता एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। पुलिस ने उसे काबू कर पूछताछ की तो उसने अपना नाम अमरीक राम उर्फ नंदलाल निवासी खरका बताया।
बैग से शराब और चूरापोस्त बरामद
पुलिस ने नियमानुसार आरोपी की तलाशी ली। उसके पीठू बैग में रखी प्लास्टिक बोतल से 2 लीटर अवैध शराब बरामद हुई। इसके अलावा बैग में रखी पॉलीथिन से 1 किलो 250 ग्राम चूरापोस्त भी बरामद किया गया।
मामले में थाना गुहला में केस दर्ज किया गया है। मौके पर पहुंचे एएसआई जयपाल द्वारा आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से पूछताछ के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पहले भी नशा तस्करी के मामले में पकड़ा जा चुका है आरोपी
पुलिस के अनुसार, आरोपी अमरीक राम उर्फ नंदलाल का पहले भी नशा तस्करी से जुड़ा रिकॉर्ड रहा है। 27 अगस्त 2022 को एंटी नारकोटिक सेल कैथल की टीम ने उसे खरकां से 870 ग्राम डोडा पोस्त सहित गिरफ्तार किया था।
कैथल पुलिस का कहना है कि जिले में नशा मुक्त हो जिला अभियान के तहत नशा तस्करी और अवैध नशीले पदार्थों की बिक्री के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


Leave a Reply