कैथल, 17 सितंबर। स्वच्छ भारत मिशन स्टेट लेवल टास्क फोर्स (शहरी) के उपाध्यक्ष प्रमोद कौशिक ने कहा कि स्वच्छता अभियान को सफल बनाने के लिए नागरिकों और समाजसेवी संस्थाओं की भागीदारी सुनिश्चित करना जरूरी है। सरकार की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में कैथल जिले में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए नगर परिषद एवं नगर पालिकाओं के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
प्रमोद कौशिक ने वीरवार को सेक्टर-20 स्थित नगर आयुक्त कार्यालय में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से कैथल जिले को स्वच्छता के क्षेत्र में बेहतर स्थिति में लाया जा सकता है। बैठक का उद्देश्य केवल भविष्य की रणनीति तैयार करना नहीं है, बल्कि आगामी माह में किए गए कार्यों की समीक्षा के साथ-साथ धरातल पर जाकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करना भी है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था में कैथल में बदलाव लाने के लिए प्रभावी तरीके से काम किया जाएगा। जिन एजेंसियों को सफाई से संबंधित कार्य सौंपे गए हैं, यदि वे निर्धारित जिम्मेदारियों का सही तरीके से निर्वहन नहीं करती हैं तो उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से नागरिकों के सहयोग से स्वच्छता अभियान को प्रभावी बनाने का आह्वान किया।
डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण और कचरा प्रबंधन की समीक्षा
बैठक में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, ठोस एवं तरल कचरा प्रबंधन, सार्वजनिक शौचालयों की सफाई सहित स्वच्छता से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रमोद कौशिक ने कहा कि सफाई अभियान केवल दिखावे तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि वास्तविक रूप से सफाई व्यवस्था में सुधार दिखाई देना चाहिए।
उन्होंने सफाई अभियान में शामिल कर्मचारियों के लिए निर्धारित ड्रेस, मास्क और ग्लव्स के उपयोग पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि जल्द ही स्वच्छता सर्वेक्षण शुरू होने वाला है, इसलिए जिस अधिकारी या कर्मचारी को जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका बेहतर तरीके से निर्वहन किया जाए।
नागरिकों की शिकायतों का जल्द हो समाधान
प्रमोद कौशिक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नगर परिषद एवं नगर पालिकाओं में नागरिकों की ओर से पोर्टल के माध्यम से प्राप्त होने वाली शिकायतों को लंबित न रखा जाए। शिकायतों का जल्द से जल्द समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को स्वच्छता एवं नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि शहर के सभी एंट्री प्वाइंट साफ-सुथरे और सुंदर दिखाई देने चाहिए। इसके साथ ही सफाई कर्मचारियों के साथ अच्छा व्यवहार करते हुए उन्हें आवश्यक सहयोग उपलब्ध करवाया जाए।
समाजसेवी संस्थाओं से आगे आने का आह्वान
प्रमोद कौशिक ने समाजसेवी संस्थाओं से भी स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के लिए केवल सरकारी प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि नागरिकों की सोच और व्यवहार में भी बदलाव जरूरी है। सामूहिक जागरूकता और सहभागिता से शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भी स्वच्छता को विशेष महत्व दिया गया है। सेवा संकल्प अभियान के दौरान स्वच्छता सहित जनसेवा से जुड़े कार्यों को गति देने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
इस अवसर पर नगर आयुक्त कपिल शर्मा, नगर परिषद चेयरपर्सन सुरभि गर्ग, सांसद नवीन जिंदल फाउंडेशन से रविंद्र धीमान, हेमलता सैनी सहित नगर परिषद एवं नगर पालिकाओं के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


Leave a Reply