कैथल। हरियाणा को नशामुक्त बनाने और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के तहत कैथल जिले में नशामुक्ति जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता विभाग, हरियाणा की ओर से चलाए जा रहे इस अभियान के अंतर्गत नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से विद्यार्थियों, युवाओं और आमजन को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा एवं राष्ट्र निर्माण के संकल्प से प्रेरित है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व तथा हरियाणा सरकार में खेल एवं युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता राज्य मंत्री गौरव गौतम के मार्गदर्शन में प्रदेशभर में नशामुक्ति जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
कैथल के सात ब्लॉकों में पहुंचाया जा रहा नशामुक्ति का संदेश
सेवा संकल्प अभियान के तहत कैथल जिले के ढांड, गुहला, कैथल, कलायत, पूंडरी, राजौंद और सीवन ब्लॉकों में नुक्कड़ नाटकों एवं अन्य जन-जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से नशामुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है।
इन कार्यक्रमों में नशे के शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक और सामाजिक दुष्प्रभावों को प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया जा रहा है, ताकि युवा नशे के नुकसान को समझें और इससे दूर रहने का संकल्प लें।
युवाओं को दिलाया जा रहा नशामुक्ति का संकल्प
जागरूकता कार्यक्रमों के दौरान विद्यार्थियों और युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। साथ ही, उन्हें अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया जा रहा है।
अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराना, समाज में जागरूकता बढ़ाना और नशामुक्त एवं स्वस्थ हरियाणा के निर्माण में आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करना है।
Satya LLP और Hint Club Foundation का योगदान
कार्यक्रमों के सफल आयोजन में Satya LLP तथा सहयोगी संस्था Hint Club Foundation का महत्वपूर्ण योगदान रहा। जिला स्तरीय आयोजन में श्री रुद्रांश सोनी ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
संदेश: नशे को कहें ना, स्वस्थ जीवन को चुनें।
