“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल में बिजली आपूर्ति सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्क, पावर हाउसों पर पुलिसकर्मी तैनात

एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के नेतृत्व में आमजन की परेशानी दूर करने के प्रयास, निजी मैकेनिकों की मदद से कई स्थानों पर बिजली के फॉल्ट ठीक करवाए

कैथल, 23 अक्टूबर। जिले में बिजली आपूर्ति सुचारू बनाए रखने और आमजन को होने वाली परेशानी कम करने के लिए कैथल पुलिस पूरी सतर्कता के साथ कार्य कर रही है। पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार जिले के सभी डीएसपी, थाना प्रबंधक (एसएचओ) और अन्य पुलिसकर्मी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। पावर हाउसों और महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ नागरिकों की समस्याओं को दूर करने में भी सहयोग दिया जा सके।

बिजली के फॉल्ट ठीक करवाने में पुलिस ने किया सहयोग

पुलिस प्रवक्ता प्रवीण श्योकंद ने बताया कि बिजली आपूर्ति प्रभावित होने से नागरिकों को हो रही असुविधा को देखते हुए कैथल पुलिस संबंधित विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक सहयोग प्रदान कर रही है। इसी कड़ी में विभिन्न थाना प्रभारियों और क्राइम यूनिट की टीमों ने निजी मैकेनिकों की मदद से कई स्थानों पर बिजली के फॉल्ट ठीक करवाने में सहयोग किया। इससे प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल करने में मदद मिली।

एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देश पर पुलिस सतर्क

एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार पुलिस अधिकारी और कर्मचारी लगातार क्षेत्र में सक्रिय हैं। स्थिति के अनुसार आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं के दौरान आमजन को कम से कम परेशानी हो और जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनी रहे।

पुलिसकर्मी पावर हाउसों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर मुस्तैदी से तैनात रहकर अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। पुलिस का संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर काम करने पर जोर है।

कैथल पुलिस की आमजन से अपील

कैथल पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे मौजूदा स्थिति में धैर्य बनाए रखें और प्रशासन तथा संबंधित विभागों का सहयोग करें। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और अपुष्ट जानकारी को आगे प्रसारित करने से बचें।

पुलिस ने कहा कि आमजन की सुरक्षा, सुविधा और जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखना उसकी प्राथमिकता है। इसके लिए पुलिस बल पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है।

फोटो कैप्शन: कैथल में बिजली आपूर्ति सुचारू बनाए रखने और आमजन की समस्याओं के समाधान में सहयोग करते पुलिसकर्मी। (फोटो: 9 से 14)