“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल पुलिस लाइन में तैयार हुई फूलों की पौध, स्कूल-कॉलेजों को मिलेगी निशुल्क

फ्लावर मैन ऑफ इंडिया डॉ. रामजी जयमल ने एक महीने पहले बोए थे 24 किस्मों के फूलों के बीज, 4-5 प्रकार की पौध हुई तैयार

कैथल, 11 नवंबर। कैथल पुलिस लाइन में पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय पहल की गई है। फ्लावर मैन ऑफ इंडिया के नाम से प्रसिद्ध डॉ. रामजी जयमल द्वारा करीब एक महीने पहले पुलिस लाइन में बोए गए फूलों के बीजों से अब पौध तैयार हो गई है। इच्छुक स्कूल, कॉलेज और अन्य संस्थान पुलिस लाइन से फूलों की पौध निशुल्क प्राप्त कर सकते हैं।

पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस लाइन कैथल स्थित कम्युनिटी सेंटर के ग्राउंड में डीएसपी सुशील प्रकाश, सीडीआई एएसआई अजय और अन्य पुलिस कर्मचारियों के सहयोग से फूलों की बिजाई के लिए विशेष क्यारियां तैयार की गई थीं। इन क्यारियों में डॉ. रामजी जयमल द्वारा लगभग 24 किस्मों के मौसमी फूलों के बीज लगाए गए थे।

डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया कि इनमें से 4-5 प्रकार के फूलों की पौध तैयार हो चुकी है। इन पौधों को इच्छुक स्कूल-कॉलेज और अन्य संस्थानों को निशुल्क वितरित किया जाएगा, ताकि शिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक स्थानों पर हरियाली एवं फूलों की सुंदरता को बढ़ावा मिल सके।

उन्होंने इच्छुक स्कूल-कॉलेजों और संस्थानों से अपील की कि वे फूलों की पौध प्राप्त करने के लिए पुलिस लाइन कैथल में संपर्क करें। इस पहल से न केवल संस्थानों में हरियाली बढ़ेगी, बल्कि विद्यार्थियों और आमजन में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता भी आएगी।