“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल में एक करोड़ की रंगदारी मांगने वाले दो बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़, दोनों के पैरों में लगी गोली

कैथल में एक करोड़ की रंगदारी मांगने वाले दो बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़, दोनों के पैरों में लगी गोली

पाडला-गुहणा रोड पर एंटी एक्सटॉर्शन सेल की बड़ी कार्रवाई, पुलिस पर फायरिंग कर भागने का किया प्रयास

बुलेट प्रूफ जैकेट ने बचाई पुलिसकर्मी की जान, अवैध पिस्तौल, कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद

कैथल, 12 नवंबर। कैथल में एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पाडला-गुहणा रोड पर गांव दुंधरेहड़ी की ओर जाने वाले रास्ते के मोड़ पर हुई मुठभेड़ के दौरान दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी। आरोपियों ने पुलिस टीम पर सीधी फायरिंग की थी, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में कार्रवाई की। पुलिस ने दोनों घायलों को काबू कर उपचार के लिए नागरिक अस्पताल कैथल में भर्ती करवाया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरकिरत सिंह उर्फ गोरा निवासी तीमोवाल और कर्मवीर सिंह उर्फ मान निवासी राणाकलां, जिला अमृतसर (पंजाब) के रूप में हुई है।

गुप्त सूचना पर पुलिस ने की नाकाबंदी और तलाश

डीएसपी रमेश चंद्र ने बताया कि एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार जिले में अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत एंटी एक्सटॉर्शन सेल प्रभारी एएसआई तरसेम कुमार की अगुवाई में पुलिस टीम गांव बाबा लदाना बस अड्डे के पास गश्त कर रही थी।

इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि गांव पाडला निवासी एक व्यक्ति से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है। उसके घर पर फायरिंग करने के इरादे से पंजाब के दो युवक बिना नंबर प्लेट की काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर पाडला बस अड्डे के आसपास घूम रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने थाना सदर कैथल और कंट्रोल रूम को सूचित किया तथा पाडला, गुहणा और आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध युवकों की तलाश शुरू कर दी।

पुलिस को देखते ही भागे बदमाश, फिर शुरू हुई फायरिंग

डीएसपी के अनुसार अलसुबह करीब 3:50 बजे पाडला-गुहणा रोड पर गांव दुंधरेहड़ी की ओर जाने वाले रास्ते के मोड़ पर पुलिस टीम को बिना नंबर प्लेट की काली स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर दो युवक दिखाई दिए। पुलिस की गाड़ी को नजदीक आते देखकर दोनों युवक मोटरसाइकिल सहित भागने लगे।

पुलिस ने पीछा किया तो करीब 200 मीटर आगे कच्चे रास्ते पर उनकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। इसके बाद दोनों आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर पेड़ों की आड़ में छिप गए।

पुलिस टीम ने उन्हें आत्मसमर्पण करने और हथियार डालने की चेतावनी दी, लेकिन आरोपियों ने पुलिस पार्टी पर सीधी फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान एक गोली मुख्य सिपाही देवेंद्र कुमार की छाती पर लगी। हालांकि उन्होंने बुलेट प्रूफ जैकेट पहन रखी थी, जिससे उनकी जान बच गई।

आरोपियों की लगातार फायरिंग के बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इसमें दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी और पुलिस टीम ने उन्हें मौके पर ही काबू कर लिया।

दो अवैध पिस्तौल, कारतूस और मोबाइल फोन बरामद

पुलिस ने आरोपियों की तलाशी ली तो उनके कब्जे से एक देशी पिस्तौल .32 बोर, एक देशी पिस्तौल .315 बोर, एक जिंदा कारतूस .315 बोर और दो मोबाइल फोन बरामद हुए। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने गांव पाडला में एक मकान पर फायरिंग करने की योजना होने की बात स्वीकार की है।

घायल आरोपियों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल कैथल पहुंचाया गया। पुलिस पार्टी पर हमला करने के आरोप में थाना सदर कैथल में मामला दर्ज किया गया है।

23 अक्टूबर से विदेशी नंबर से आ रहे थे धमकी भरे फोन

डीएसपी रमेश चंद्र ने बताया कि गांव पाडला निवासी शिकायतकर्ता के पास 23 अक्टूबर से विदेशी नंबर से फोन आने शुरू हुए थे। 24 अक्टूबर को फोन करने वाले व्यक्ति ने शिकायतकर्ता के बेटों को जान से मारने की धमकी देकर एक करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी। इस संबंध में थाना सदर कैथल में पहले ही मामला दर्ज किया गया था।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मुठभेड़ में पकड़े गए दोनों आरोपी फिरौती मांगने वाले व्यक्ति के साथ काम करते थे और शिकायतकर्ता पर हमला करने के इरादे से कैथल पहुंचे थे।

कैथल पुलिस की मुस्तैदी से समय रहते संभावित फायरिंग की वारदात को टाल दिया गया। पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है।

डीएसपी रमेश चंद्र ने स्पष्ट किया कि जिले में रंगदारी, फायरिंग और अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।