“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल के राजकीय कन्या विद्यालय में छात्राओं को यातायात नियमों के प्रति किया जागरूक

कैथल के राजकीय कन्या विद्यालय में छात्राओं को यातायात नियमों के प्रति किया जागरूक

कैथल। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिला ट्रैफिक पुलिस द्वारा राजकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय, जाखोली अड्डा कैथल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार किया गया।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि जिला ट्रैफिक पुलिस थाना प्रबंधक एवं यातायात प्रभारी इंस्पेक्टर सतपाल सिंह ने छात्राओं और स्कूल स्टाफ को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए उनकी पालना करने का संदेश दिया।

इस दौरान छात्राओं को बताया गया कि ओवरस्पीड वाहन चलाना तथा ड्राइविंग करते समय मोबाइल फोन का प्रयोग करना सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण हैं। वाहन चालकों को इन गलतियों से बचते हुए पूरी सावधानी बरतनी चाहिए।

इंस्पेक्टर सतपाल सिंह ने कार एवं अन्य हल्के वाहनों के चालकों को सीट बेल्ट का नियमित प्रयोग करने तथा अपनी निर्धारित लेन में वाहन चलाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के नशे की हालत में वाहन नहीं चलाना चाहिए, क्योंकि इससे सड़क दुर्घटनाओं की संभावना कई गुना बढ़ जाती है।

छात्राओं को समझाया गया कि 18 वर्ष की आयु पूरी होने से पहले वाहन नहीं चलाना चाहिए। साथ ही 18 वर्ष की आयु पूर्ण होने के बाद ड्राइविंग लाइसेंस बनवाना अनिवार्य है।

उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों के जीवन की सुरक्षा के लिए किया जाना चाहिए। छात्राओं को अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी यातायात नियमों की पालना के लिए प्रेरित करने की सलाह दी गई।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में भी जानकारी दी और नशे से दूर रहने का संदेश दिया। इस अवसर पर विद्यालय का स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *