“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

हिंदू वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में धूमधाम से मनाया गया विश्व पर्यावरण दिवस

हिंदू वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में धूमधाम से मनाया गया विश्व पर्यावरण दिवस

कैथल। हिंदू वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के प्रांगण में शुक्रवार को विश्व पर्यावरण दिवस बड़ी धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में हरियाणा राज्य प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड के वैज्ञानिक सतीश कुमार तथा एसडीओ हरप्रीत सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। विद्यालय पहुंचने पर सुनील चौधरी, संदीप चौधरी, जयदीप चौधरी, मन्नू चौधरी, पीयूष चौधरी, गौतम चौधरी और पुनीत चौधरी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।

कार्यक्रम की शुरुआत हरप्रीत सिंह और सतीश कुमार द्वारा वृक्षारोपण करके की गई। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पृथ्वी हमें स्वच्छ हवा, पीने का पानी, भोजन और जीवन के लिए आवश्यक अनेक संसाधन प्रदान करती है, लेकिन बढ़ती पेड़ों की कटाई, कचरा और प्रदूषण पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा बनते जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने तथा प्लास्टिक का उपयोग कम करने का आह्वान किया।

विद्यालय प्रबंधन समिति के प्रधान सुनील चौधरी ने पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्य करने वाले सभी लोगों की सराहना की। उन्होंने कहा कि केवल वृक्षारोपण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों का संरक्षण और पालन-पोषण करना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने वन एवं वन्यजीव संरक्षण के महत्व पर भी प्रकाश डाला।

विद्यालय के कार्यवाहक प्रधानाचार्य गौरव दत्त शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में वनों की कटाई, वायु प्रदूषण, जल प्रदूषण, ध्वनि प्रदूषण, तापीय प्रदूषण, बढ़ता तापमान, समुद्री प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन तथा वन्य जीवों का लुप्त होना जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। इन चुनौतियों का समाधान सामूहिक प्रयासों से ही संभव है।

उन्होंने विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों को अपने शहर, राज्य और देश को क्लीन एंड ग्रीन बनाने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा स्वच्छता को जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के समापन पर सभी अतिथियों को विद्यालय प्रबंधन समिति की ओर से स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *