हिंदू वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत, नैंसी ने किया टॉप
कैथल, 13 मई 2026: हिंदू वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कैथल का 12वीं कक्षा का वार्षिक परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा। विद्यालय के सभी 76 विद्यार्थियों ने परीक्षा उत्तीर्ण कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया।
विद्यालय में पहुंचकर प्रसिद्ध समाजसेवी सुमेरचंद चौधरी, राधेश्याम मलिक पुरिया, पीयूष चौधरी, अंकित चौधरी, गौतम चौधरी तथा प्रवीण चौधरी ने मेधावी विद्यार्थियों का पुष्पमालाएं पहनाकर और मुंह मीठा करवाकर स्वागत किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
राधेश्याम मलिक पुरिया ने प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा को 5,100 रुपये तथा द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को 2,100 रुपये देने की घोषणा की। वहीं समाजसेवी सुमेरचंद चौधरी ने मेरिट प्राप्त करने वाले प्रत्येक विद्यार्थी को 1,100 रुपये तथा प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण होने वाले प्रत्येक विद्यार्थी को 500 रुपये देने की घोषणा की।
विद्यालय के प्रबंधक पीयूष चौधरी ने बताया कि इस वर्ष 12वीं कक्षा की परीक्षा में 76 विद्यार्थियों ने भाग लिया और सभी ने उत्कृष्ट अंकों के साथ सफलता प्राप्त की। उन्होंने सभी प्राध्यापकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।
परीक्षा परिणाम में नैंसी ने 500 में से 476 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। निधि ने 458 अंकों के साथ द्वितीय तथा दीपक ने 453 अंकों के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया।
अन्य प्रमुख विद्यार्थियों में तनु ने 436 अंक, संध्या ने 430 अंक, मोहित ने 426 अंक, पूजा ने 425 अंक, नमन ने 424 अंक, राहुल ने 421 अंक तथा मुस्कान ने 420 और 418 अंक प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की।
कार्यवाहक प्रधानाचार्य गौरव दत्त शर्मा ने बताया कि 76 विद्यार्थियों में से 32 विद्यार्थियों ने मेरिट सूची में स्थान बनाया, जबकि शेष सभी विद्यार्थी प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर विद्यालय का समस्त शिक्षण एवं गैर-शिक्षण स्टाफ उपस्थित रहा।










Leave a Reply