घर से डेढ़ लाख रुपये और आभूषण चोरी मामले में आरोपी गिरफ्तार
कैथल, 19 मई: ढांड क्षेत्र में एक घर से नकदी और चांदी के आभूषण चोरी करने के मामले में स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चोरीशुदा नकदी और आभूषण भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार गांव बंदराना निवासी ईशम सिंह ने शिकायत दी थी कि 15 मई की दोपहर जब वह खेत से घर लौटे तो घर का ताला टूटा हुआ मिला। जांच करने पर पता चला कि अलमारी से करीब 1.50 लाख रुपये नकद और चांदी के आभूषण चोरी हो चुके थे।
चोरी हुए सामान में चांदी की कुंडलियां, चुटकी, कंगन, 12 सिक्के और पैरों की पाजेब शामिल थीं। शिकायत के आधार पर थाना ढांड में मामला दर्ज किया गया।
मामले की जांच स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार के नेतृत्व में एएसआई संदीप कुमार की टीम ने की। जांच के दौरान गांव बंदराना निवासी विशाल को गिरफ्तार किया गया।
आरोपी के कब्जे से 50 हजार रुपये नकद, दो पाजेब, दो कुंडलियां, एक जोड़ी चुटकी और तीन चांदी के सिक्के बरामद किए गए हैं।
आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।









Leave a Reply