ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण के लिए कैथल पुलिस की नई पहल, निकाली साइकिल जागरूकता यात्रा
कैथल, 15 मई 2026: बढ़ती ईंधन खपत और पर्यावरण प्रदूषण को देखते हुए कैथल पुलिस ने ईंधन बचत एवं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक नई पहल शुरू की है। पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार जिला पुलिस द्वारा साइकिल के उपयोग, कार-पूलिंग और सार्वजनिक परिवहन को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में जिला सचिवालय कैथल से एक साइकिल जागरूकता यात्रा निकाली गई। यह यात्रा जिला सचिवालय से शुरू होकर करनाल रोड, पेहवा चौक और अंबाला रोड से होती हुई पुलिस लाइन कैथल में संपन्न हुई। इस जागरूकता यात्रा का नेतृत्व डीएसपी गुरविंद्र सिंह ने किया।
यात्रा के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने आमजन को ईंधन बचाने, प्रदूषण कम करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
डीएसपी गुरविंद्र सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा ईंधन संरक्षण को लेकर किए गए आह्वान से प्रेरित होकर यह अभियान शुरू किया गया है।
उन्होंने बताया कि एसपी मनप्रीत सिंह सूदन द्वारा जिला पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इनके अनुसार कैथल शहर और पुलिस आवासीय कॉलोनी में रहने वाले सभी अधिकारी और कर्मचारी सप्ताह में दो दिन साइकिल से कार्यालय पहुंचेंगे।
बाहरी क्षेत्रों से आने वाले कर्मचारियों को कार-पूलिंग तथा बस सेवा का अधिक से अधिक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य पेट्रोल और डीजल की खपत कम करना तथा पर्यावरण प्रदूषण में कमी लाना है।
पुलिस विभाग का मानना है कि यदि एक वाहन का सामूहिक रूप से उपयोग किया जाए तो ईंधन की बचत के साथ-साथ सड़कों पर वाहनों की संख्या भी कम होगी, जिससे ट्रैफिक दबाव और प्रदूषण दोनों में कमी आएगी।
कैथल पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि छोटी दूरी तय करने के लिए साइकिल या सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।














Leave a Reply