अवैध शराब तस्करी के 2 मामलों में 2 आरोपी गिरफ्तार, 79 बोतल शराब बरामद
कैथल: अवैध शराब तस्करों एवं शराब खुर्दों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला पुलिस ने अलग-अलग दो मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 79 बोतल शराब बरामद की है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार की गई।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार पहले मामले में थाना सिविल लाइन पुलिस के एचसी इकबाल की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर बलराज नगर स्थित एक मकान पर दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान धर्मबीर सिंह निवासी बलराज नगर, कैथल को काबू किया गया। तलाशी लेने पर उसके मकान में रखे प्लास्टिक कट्टे से 19 बोतल हथकड़ी शराब बरामद हुई।
दूसरे मामले में थाना कलायत पुलिस के एएसआई कुलदीप सिंह की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर रामगढ़ पांडवा-कलायत रोड पर एक संदिग्ध वाहन को रुकवाया। जांच के दौरान वाहन चालक सोनू निवासी गांव रामगढ़ पांडवा को काबू किया गया। तलाशी लेने पर वाहन से 5 गत्ता पेटियों में रखी 60 बोतल देसी शराब बरामद हुई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में आबकारी अधिनियम के तहत अलग-अलग मामले दर्ज कर लिए हैं। बरामद शराब को कब्जे में लेकर नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब की तस्करी और बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेगा तथा कानून का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।









Leave a Reply