कैथल, 12 सितंबर। जिला कैथल में बिजली ट्रांसफार्मरों से तांबे की तार, तेल और अन्य सामान चोरी करने वाले शातिर गिरोह का सीआईए-1 पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह से जुड़े 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक बाइक, ट्रांसफार्मरों से चोरी की गई 6 किलोग्राम तांबा तार, 5 लीटर तेल, इंसुलेटर, बॉडी, क्वाईल और एक ट्रांसफार्मर बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों की गिरफ्तारी से थाना गुहला, चीका और ढांड क्षेत्र में ट्रांसफार्मर चोरी की 31 तथा मोबाइल चोरी की 1 वारदात समेत कुल 32 मामले सुलझाने में सफलता मिली है।
दिन में करते थे ट्रांसफार्मरों की रेकी, रात में देते थे वारदात को अंजाम
डीएसपी सुशील प्रकाश ने प्रेस वार्ता में बताया कि बिजली ट्रांसफार्मर चोरी की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने सीआईए-1 पुलिस को आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।
मामला उस समय सामने आया जब यूएचबीवीएन चीका के उपमंडल अधिकारी की शिकायत पर क्षेत्र प्रभारी विजय कुमार ने 16 जून को एक्सईएन कार्यालय के सामने रखे ट्रांसफार्मर की जांच की। जांच में पाया गया कि 16 केवीए क्षमता वाले ट्रांसफार्मर का सामान और तेल चोरी हो चुका था। इससे बिजली निगम को करीब 47,557 रुपये का नुकसान हुआ था। इस संबंध में थाना चीका में मामला दर्ज किया गया था।
मामले की जांच सीआईए-1 पुलिस को सौंपी गई। सीआईए-1 प्रभारी एसआई जसवंत सिंह की अगुवाई में एसआई प्रवीन कुमार, एएसआई गुरदान और एएसआई प्रदीप कुमार की टीम ने मुखबरी के आधार पर कार्रवाई करते हुए 8 सितंबर को बेगा बस्ती गुहला निवासी रोहित कुमार और चीका निवासी विशाल उर्फ मोटा को वकील कॉलोनी, चीका से गिरफ्तार किया।
दोनों आरोपियों को अदालत से 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। पूछताछ के दौरान पुलिस ने 11 सितंबर को चीका निवासी अमित, गांव लुखी जिला कुरुक्षेत्र निवासी राजकुमार और नेपाल निवासी हाल चीका निवासी विनोद को भी गिरफ्तार कर लिया।
पीले रंग के ट्रांसफार्मरों को बनाते थे निशाना
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी दिन के समय बाइक पर खेतों और अन्य क्षेत्रों में लगे बिजली ट्रांसफार्मरों की रेकी करते थे। आरोपी विशेष रूप से पीले रंग और ‘गणपति इंटरप्राइजेज’ लिखे ट्रांसफार्मरों को चिन्हित करते थे। इसके बाद रात के समय मौका देखकर ट्रांसफार्मरों से सामान चोरी कर लेते थे।
चोरी किए गए ट्रांसफार्मर के सामान को आरोपी गांव बलबेड़ा, पंजाब स्थित एक कबाड़ी को बेचने की बात पुलिस पूछताछ में सामने आई है।
31 ट्रांसफार्मर और 1 मोबाइल चोरी की वारदात कबूली
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने जिला कैथल के गुहला, चीका और ढांड थाना क्षेत्रों में कुल 32 चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल की है। इनमें 31 ट्रांसफार्मर चोरी और चीका क्षेत्र में 1 मोबाइल चोरी की वारदात शामिल है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों से आगे की पूछताछ की जा रही है।
आरोपियों पर पहले भी दर्ज हैं मामले
पुलिस के मुताबिक आरोपी अमित निवासी चीका के खिलाफ पहले से 2 आर्म्स एक्ट, एक बाइक चोरी और एक ट्रांसफार्मर चोरी समेत कुल 4 मामले दर्ज हैं। वहीं राजकुमार निवासी गांव लुखी, जिला कुरुक्षेत्र के खिलाफ ट्रांसफार्मर चोरी और शराब तस्करी का एक-एक मामला दर्ज है।
विनोद और विशाल को अदालत के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा, जबकि अन्य तीन आरोपियों से व्यापक पूछताछ के लिए पुलिस अदालत से रिमांड हासिल करेगी।
कबाड़ियों और फैरीवालों को पुलिस की सख्त चेतावनी
एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने जिले में कबाड़ी का काम करने वाले दुकानदारों और फैरीवालों को सख्त निर्देश दिए हैं कि किसी भी व्यक्ति से ट्रांसफार्मर या चोरी से संबंधित अन्य सामान न खरीदें। चोरी का सामान खरीदने वालों के खिलाफ भी पुलिस कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को चोरी का सामान बेचने की जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।



Leave a Reply