कैथल, 7 सितंबर 2026। हरियाणा सरकार द्वारा जारी तबादला आदेशों के तहत करनाल रेंज को नया पुलिस नेतृत्व मिला है। वर्ष 2006 बैच के आईपीएस अधिकारी अश्विन शेन्वी ने सोमवार को पुलिस महानिरीक्षक (IG), करनाल रेंज के पद का विधिवत कार्यभार संभाल लिया।
हरियाणा सरकार ने अश्विन शेन्वी को पुलिस महानिरीक्षक, करनाल रेंज के साथ-साथ महानिरीक्षक, हरियाणा सशस्त्र पुलिस (HAP), मधुबन, करनाल का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा है।
अधिकारियों और कर्मचारियों ने किया स्वागत
कार्यभार ग्रहण करने के अवसर पर करनाल रेंज कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नवनियुक्त आईजी अश्विन शेन्वी का स्वागत किया। इस दौरान आईजी ने अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया और रेंज के अंतर्गत आने वाले जिलों में कानून-व्यवस्था तथा पुलिसिंग व्यवस्था से संबंधित जानकारी ली।
करनाल रेंज के अंतर्गत करनाल, पानीपत और कैथल जिले आते हैं। आईजी ने अधिकारियों के साथ विभिन्न पुलिसिंग व्यवस्थाओं और कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर भी जानकारी ली।
कानून-व्यवस्था मजबूत करना प्राथमिकता
पदभार संभालने के बाद आईजी अश्विन शेन्वी ने कहा कि करनाल रेंज में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। इसके साथ ही आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने और अपराध एवं संगठित अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि करनाल, पानीपत और कैथल जिलों में जन-सहयोग आधारित पुलिसिंग को बढ़ावा दिया जाएगा। पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर अपराध नियंत्रण की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
नशा मुक्ति और महिला सुरक्षा पर रहेगा विशेष फोकस
आईजी अश्विन शेन्वी ने कहा कि नशा मुक्ति अभियान, महिला सुरक्षा और आमजन की शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निवारण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि आमजन के साथ बेहतर समन्वय बनाते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाया जाए।
उन्होंने कहा कि अपराध पर अंकुश लगाने के साथ-साथ नागरिकों की सुरक्षा और पुलिस के प्रति आमजन के विश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
अशोक कुमार का हुआ स्थानांतरण
उल्लेखनीय है कि इससे पहले करनाल रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अशोक कुमार, आईपीएस थे। उनका स्थानांतरण महानिरीक्षक, पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय (PTC), सुनारिया के पद पर किया गया है।
फोटो कैप्शन: आईजी अश्विन शेन्वी कार्यभार संभालते हुए।


Leave a Reply