कैथल, 30 अगस्त 2026। अपराध एवं अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए कैथल पुलिस द्वारा एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देश पर चलाए गए दो दिवसीय ऑपरेशन हथियार के दौरान बड़ी कार्रवाई की गई। अभियान के तहत सीआईए-1, सीआईए कलायत, एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ कैथल और स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट की टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 6 मामलों में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 6 अवैध देशी पिस्तौल और 3 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। डीएसपी सुशील प्रकाश ने ऑपरेशन हथियार के तहत की गई कार्रवाई की जानकारी दी।
नरड़ बस अड्डे के पास अवैध पिस्तौल सहित आरोपी गिरफ्तार
पहले मामले में सीआईए-1 प्रभारी एएसआई जसवंत सिंह की अगुवाई में एएसआई गुरदान सिंह की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर नरड़ बस अड्डे के पास कार्रवाई की। पुलिस ने जनकपुरी कॉलोनी, कैथल निवासी जीतू को काबू किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 315 बोर का देशी पिस्तौल बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ थाना तीतरम में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
प्यौदा रोड पर पिस्तौल और कारतूस के साथ आरोपी काबू
दूसरे मामले में सीआईए-1 की एएसआई रघुबीर सिंह की टीम ने एनएच-152 से गांव प्यौदा जाने वाली सड़क पर कार्रवाई की। पुलिस ने गांव कोयल, जिला जींद निवासी एवं हाल किरायेदार शुगर मिल कॉलोनी, कैथल निवासी गुरदेव को 315 बोर के देशी पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ थाना तीतरम में मामला दर्ज किया गया।
हांसी-बुटाना नहर पुल के पास अवैध पिस्तौल बरामद
तीसरे मामले में सीआईए-1 के एसआई प्रवीन कुमार और एचसी दिनेश कुमार की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कैथल-करनाल रोड स्थित हांसी-बुटाना नहर पुल के पास दबिश दी। यहां गांव नीमवाला निवासी सुशील उर्फ रौन्नी को काबू किया गया। उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध देशी पिस्तौल बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ थाना पुंडरी में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
कलायत क्षेत्र में बाइक सवार आरोपी से देशी कट्टा बरामद
चौथे मामले में सीआईए कलायत प्रभारी एएसआई मनीष कुमार की अगुवाई में एएसआई मंजीत सिंह और सिपाही रूप सिंह की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कलायत क्षेत्र में बाइक सवार रेलु निवासी गांव खरक पांडवा को काबू किया। जांच के दौरान उसके कब्जे से 315 बोर का देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। थाना कलायत में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
सेक्टर-18 के पार्क से अवैध हथियार सहित आरोपी गिरफ्तार
पांचवें मामले में एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ प्रभारी एसआई मुकेश कुमार की अगुवाई में एएसआई राममेहर की टीम ने सेक्टर-18 कैथल स्थित पार्क में दबिश दी। पुलिस ने सुभाष नगर, कैथल निवासी मनोज कुमार को काबू किया। उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध देशी कट्टा बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ थाना सिविल लाइन में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
जम्मू-कटरा पुल के नीचे से पिस्तौल और कारतूस बरामद
छठे मामले में स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार की अगुवाई में एचसी अनिल कुमार की टीम ने गांव कलायत से बालू की तरफ जाने वाली सड़क पर जम्मू-कटरा पुल के नीचे दबिश दी। पुलिस ने गांव बालू निवासी एवं हाल राजनगर कॉलोनी, कैथल निवासी गुरमीत को काबू किया। उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध देशी पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ थाना कलायत में मामला दर्ज किया गया।
ऑपरेशन हथियार के तहत लगातार कार्रवाई
कैथल पुलिस द्वारा चलाए गए दो दिवसीय ऑपरेशन हथियार के दौरान की गई इस कार्रवाई से अवैध हथियार रखने वालों में हड़कंप की स्थिति है। पुलिस का कहना है कि अपराध पर अंकुश लगाने और अवैध हथियार रखने वाले आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
फोटो कैप्शन: जानकारी देते डीएसपी सुशील प्रकाश तथा पुलिस गिरफ्त में आरोपी।



Leave a Reply