फर्जी दस्तावेज बनाकर जमीन की रजिस्ट्री करवाने के मामले में आरोपी गिरफ्तार, पुलिस रिमांड हासिल
इकोनॉमिक सेल की कार्रवाई, फर्जी हस्ताक्षरों से संपत्ति हड़पने के आरोप में आरोपी काबू
कैथल। धोखाधड़ी करने वाले आरोपियों के खिलाफ एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार जिला पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन की रजिस्ट्री करवाने के मामले में इकोनॉमिक सेल ने एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
मामले की जांच इकोनॉमिक सेल प्रभारी इंस्पेक्टर ओमप्रकाश के नेतृत्व में एएसआई दलबीर सिंह की टीम द्वारा की जा रही थी। जांच के दौरान पुलिस ने डेरा भाग सिंह, चीका निवासी सुल्तान को गिरफ्तार कर लिया।
फर्जी दस्तावेज तैयार कर संपत्ति हड़पने का आरोप
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि डेरा भाग सिंह, चीका निवासी संजय सिंह ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि वह वर्तमान में गांव समाना, जिला पटियाला (पंजाब) में रह रहा है। उसके नाम चीका में चार मरले का एक प्लॉट और एक दुकान है, जो वर्तमान में खाली पड़ी हुई है।
शिकायतकर्ता के अनुसार वर्ष 2019 में उसके भाई सुल्तान, बहन मीना तथा गांव के ही रमेश और कपिल ने आपसी मिलीभगत से उसकी संपत्ति से संबंधित फर्जी दस्तावेज तैयार करवा लिए और रजिस्ट्री अपने नाम करवा ली।
नकली हस्ताक्षरों से की गई धोखाधड़ी
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उसने किसी भी दस्तावेज पर हस्ताक्षर नहीं किए थे। आरोपियों ने उसके नकली हस्ताक्षर तैयार कर दस्तावेजों का इस्तेमाल करते हुए संपत्ति की रजिस्ट्री करवा ली और धोखाधड़ी को अंजाम दिया।
जब उसने इस मामले को लेकर अपने भाई सुल्तान से बातचीत की तो आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौच की तथा जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस जांच में सामने आई धोखाधड़ी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शिकायत की जांच की। जांच के दौरान प्रथम दृष्टया धोखाधड़ी पाए जाने पर थाना गुहला में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
व्यापक पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया आरोपी
जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी सुल्तान को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से मामले में शामिल अन्य व्यक्तियों तथा फर्जी दस्तावेज तैयार करने की पूरी साजिश के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर व्यापक पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड हासिल किया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस अन्य आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है।


Leave a Reply