नशा मुक्त हो जिला अभियान के तहत कलायत क्षेत्र में पुलिस का सघन सर्च अभियान
संदिग्ध नशा और शराब तस्करों के ठिकानों पर की गई जांच, आमजन से सहयोग की अपील
कैथल। नशा तस्करों की धरपकड़ तथा आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिला पुलिस द्वारा “नशा मुक्त हो जिला” अभियान के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में मंगलवार सुबह थाना कलायत पुलिस ने संदिग्ध नशा और शराब तस्करों के संभावित ठिकानों पर सघन सर्च अभियान चलाया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि थाना कलायत के एसएचओ पीएसआई अमन के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों के घरों और अन्य ठिकानों की गहन जांच की गई।
संदिग्ध ठिकानों की हुई जांच
अभियान के दौरान पुलिस ने यह सुनिश्चित करने के लिए तलाशी ली कि कहीं किसी स्थान पर मादक पदार्थ छिपाकर तो नहीं रखे गए हैं तथा कोई व्यक्ति अवैध रूप से नशा तस्करी या अन्य आपराधिक गतिविधियों में तो संलिप्त नहीं है।
पुलिस टीमों ने कई स्थानों पर जांच-पड़ताल कर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की।
नशा तस्करों में भय पैदा करना उद्देश्य
पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना तथा अपराधियों और नशा तस्करों में कानून का भय पैदा करना है।
उन्होंने कहा कि जिला पुलिस नशा और अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है तथा कैथल जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
आमजन को भी किया जागरूक
सर्च अभियान के दौरान पुलिस ने क्षेत्र के लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया और उनसे अपील की कि यदि किसी व्यक्ति के बारे में नशा बेचने या अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने की जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
पुलिस ने आश्वस्त किया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
अवैध संपत्ति पर भी होगी कार्रवाई
एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि नशा तस्करों द्वारा अवैध तरीके से अर्जित संपत्ति की भी जांच की जा रही है। यदि जांच में संपत्ति नशे के कारोबार से अर्जित पाई जाती है तो उसे नियमानुसार अटैच करवाने की कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ भविष्य में भी इसी प्रकार के अभियान लगातार जारी रहेंगे और अपराधियों के लिए जिले में कोई जगह नहीं छोड़ी जाएगी।
एसपी ने आमजन से अपील की कि वे बिना किसी डर के नशा तस्करों की सूचना पुलिस को दें, क्योंकि नशा तस्करों की सही जगह जेल है।


Leave a Reply