नशा मुक्त हो जिला अभियान के तहत कैथल पुलिस का लगातार एक्शन, कलायत और सीवन में चला सघन सर्च अभियान
कैथल। जिले में नशा एवं शराब तस्करों की धरपकड़, आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने तथा आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार कैथल पुलिस द्वारा “नशा मुक्त हो जिला अभियान” के तहत लगातार विशेष कॉम्बिंग एवं चेकिंग अभियान चलाए जा रहे हैं।
इसी कड़ी में वीरवार को थाना कलायत तथा थाना सीवन पुलिस द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाकर संदिग्ध व्यक्तियों एवं संभावित ठिकानों की गहन जांच की गई। पुलिस टीमों ने विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर तलाशी अभियान चलाया और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि थाना कलायत के एसएचओ पीएसआई अमन के नेतृत्व में कलायत क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। वहीं थाना सीवन प्रभारी एसआई जयभगवान की अगुवाई में गांव सीवन में संदिग्ध नशा एवं शराब तस्करों के घरों तथा अन्य संभावित ठिकानों पर विशेष सर्च अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने यह जांच की कि कहीं किसी स्थान पर मादक पदार्थ, अवैध शराब या अन्य गैरकानूनी सामग्री छिपाकर तो नहीं रखी गई है। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों की भी निगरानी की गई।
एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि जिला पुलिस का मुख्य उद्देश्य कैथल को नशा मुक्त बनाना तथा अपराधियों में कानून का भय पैदा करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशा तस्करी जैसे समाज विरोधी अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने कहा कि सूचना प्राप्त होते ही पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई की जा रही है और लगातार कॉम्बिंग ऑपरेशन, चेकिंग अभियान तथा निगरानी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। कैथल पुलिस भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रखेगी ताकि जिले में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था पूरी तरह कायम रहे।


Leave a Reply