धनौरी में हत्या मामले में आरोपी गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त डंडा बरामद
कैथल, 28 मई: गांव धनौरी में एक व्यक्ति की हत्या के मामले में चौकी संगतपुरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान गांव धनौरी निवासी जगन्नाथ उर्फ जग्गन के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि गांव कुराड़ निवासी सोनू की शिकायत के अनुसार उसका मामा शमशेर बाबा का चोला धारण कर गांव धनौरी में रहता था और मांगकर अपना गुजारा करता था।
23/24 मई की रात शमशेर और आरोपी जगन्नाथ कमरे में बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई, जो बाद में मारपीट में बदल गई। आरोप है कि जगन्नाथ ने शमशेर के साथ मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने डायल-112 और एम्बुलेंस की सहायता से घायल शमशेर को सरकारी अस्पताल कैथल पहुंचाया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान शमशेर की मौत हो गई।
मामले में थाना सदर में केस दर्ज कर एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार चौकी संगतपुरा प्रभारी पीएसआई मन्नू की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त डंडा भी बरामद कर लिया है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।


Leave a Reply