नशा मुक्त हो जिला अभियान के तहत कैथल पुलिस का सघन सर्च ऑपरेशन, 2 शराब तस्कर गिरफ्तार
कैथल, 28 मई: जिले में नशा व शराब तस्करों की धरपकड़ और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से कैथल पुलिस द्वारा “नशा मुक्त हो जिला अभियान” के तहत लगातार विशेष सर्च अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में थाना शहर और थाना सीवन पुलिस ने अलग-अलग क्षेत्रों में सघन सर्च ऑपरेशन चलाकर दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार थाना शहर एसएचओ इंस्पेक्टर गीता की अगुवाई में डेरा गरजा सिंह क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। वहीं थाना सीवन प्रभारी एसआई जयभगवान के नेतृत्व में गांव कांगथली में संदिग्ध नशा एवं शराब तस्करों के घरों तथा संभावित ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया गया।
सर्च अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने गहन जांच करते हुए यह सुनिश्चित किया कि कहीं किसी स्थान पर अवैध शराब, मादक पदार्थ या अन्य गैरकानूनी सामग्री छिपाकर तो नहीं रखी गई।
कार्रवाई के दौरान थाना शहर पुलिस ने डेरा गरजा सिंह क्षेत्र से आरोपी गुलजार सिंह को गिरफ्तार किया। जांच में आरोपी द्वारा फर्श के नीचे दबाकर रखी गई एक टंकी से 500 लीटर लाहण बरामद किया गया, जिसका इस्तेमाल अवैध शराब बनाने में किया जाता है।
दूसरे मामले में थाना सीवन पुलिस ने आरोपी जरनेल सिंह को उसके मकान से 5 बोतल हथकढ़ी शराब सहित गिरफ्तार किया।
एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि जिला पुलिस का मुख्य उद्देश्य कैथल को नशा मुक्त बनाना और अपराधियों में कानून का भय पैदा करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशा तस्करी जैसे समाज विरोधी अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
उन्होंने कहा कि सूचना मिलते ही पुलिस द्वारा तुरंत कार्रवाई करते हुए कॉम्बिंग ऑपरेशन, चेकिंग अभियान और निगरानी लगातार बढ़ाई जा रही है, ताकि जिले में शांति और कानून व्यवस्था कायम रखी जा सके।


Leave a Reply