विश्व मासिक धर्म स्वच्छता दिवस पर स्वास्थ्य जांच शिविर और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
कैथल: हरियाणा राज्य भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के भीष्म व झांसी ओपन ग्रुप तथा इंडियन स्काउट एंड गाइड फैलोशिप जिला कैथल के संयुक्त तत्वावधान में विश्व मासिक धर्म स्वच्छता दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया गया।
इस अवसर पर शहर की केशव माधव बस्ती में स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया, जिसमें लगभग 40 बच्चों के हीमोग्लोबिन और कैल्शियम की जांच की गई। साथ ही स्थानीय युवतियों और महिलाओं को मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
ग्रुप लीडर श्री बख्शीश गिरधर ने बताया कि विश्व मासिक धर्म स्वच्छता दिवस प्रत्येक वर्ष 28 मई को मनाया जाता है। इसकी शुरुआत वर्ष 2013 में जर्मनी की संस्था WASH United द्वारा सोशल मीडिया अभियान के रूप में की गई थी, जो बाद में वैश्विक स्तर पर मनाया जाने लगा।
इंडियन स्काउट एंड गाइड फैलोशिप जिला कैथल से विजेता बुरा ने बताया कि इस दिन को 28/5 इसलिए चुना गया क्योंकि मासिक धर्म चक्र औसतन 28 दिनों का होता है और सामान्यतः 5 दिनों तक चलता है। इस दिवस का उद्देश्य माहवारी से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करना और स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाना है।
सुमन लता ने कहा कि आज भी ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में कई महिलाएं व युवतियां मासिक धर्म स्वच्छता संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियों से वंचित हैं। समाज में इस विषय पर खुलकर चर्चा नहीं होती, जबकि जागरूकता की कमी कई स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकती है।
उन्होंने बताया कि उनका ग्रुप “स्वस्थ बालिका, स्वस्थ भारत अभियान” के तहत पिछले कई वर्षों से निशुल्क सैनिटरी नेपकिन वितरण और जागरूकता अभियान चला रहा है।
कार्यक्रम के दौरान अभियान के 74वें माह में केशव माधव और पंत नगर बस्तियों की लगभग 70 किशोरियों को आगामी तीन माह के लिए निशुल्क सैनिटरी नेपकिन वितरित किए गए।
कार्यक्रम को सफल बनाने में रोवर वेंकटरमन, राकेश, युवराज, पूजा गिरधर, शिक्षक विक्रम जी, अंजू पुनिया, मोनिका और मनीषा का विशेष सहयोग रहा।






Leave a Reply