नशा मुक्त अभियान के तहत पुलिस का सर्च ऑपरेशन, कलायत और राजौंद में संदिग्ध तस्करों के ठिकानों पर छापेमारी
कैथल, 26 मई: “नशा मुक्त हो जिला” अभियान के तहत कैथल पुलिस द्वारा संदिग्ध नशा और शराब तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में मंगलवार सुबह थाना कलायत और थाना राजौंद पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से विशेष सर्च अभियान चलाया गया।
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार थाना कलायत एसएचओ एसआई सुभाष की अगुवाई में कलायत क्षेत्र में तथा थाना राजौंद प्रभारी इंस्पेक्टर रामनिवास की अगुवाई में कलायत व राजौंद क्षेत्र में संदिग्ध नशा और शराब तस्करों के घरों एवं अन्य ठिकानों पर सघन जांच की गई।
इस दौरान पुलिस टीमों ने घरों सहित अन्य स्थानों की तलाशी लेकर यह जांच की कि कहीं किसी स्थान पर मादक पदार्थ छिपाकर तो नहीं रखा गया है या कोई व्यक्ति अवैध गतिविधियों में संलिप्त तो नहीं है।
एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना तथा अपराधियों और नशा तस्करों में भय पैदा करना है। उन्होंने कहा कि जिला पुलिस का लक्ष्य कैथल को नशा मुक्त बनाना है और इस दिशा में लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस द्वारा सर्च ऑपरेशन के दौरान आमजन को भी जागरूक किया गया और अपील की गई कि यदि कहीं भी नशा बेचने या अन्य आपराधिक गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
एसपी ने नशा तस्करों को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि नशा बेचकर अर्जित की गई अवैध संपत्ति की भी जांच की जा रही है और ऐसी संपत्तियों को अटैच करवाने की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि नशा तस्करों की असली जगह जेल है।


Leave a Reply