कैथल पुलिस की बड़ी सफलता, डेरों में लूट-डकैती के दो आरोपी पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
कैथल, 22 मई: कैथल पुलिस की स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट ने बहादुरी का परिचय देते हुए वर्ष 2022 में डेरों में हुई लूट और डकैती के मामलों में वांछित दो आरोपियों को कलायत क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी है।
डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया कि पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के नेतृत्व में अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार की अगुवाई में एएसआई तरसेम कुमार की टीम गश्त के दौरान कलायत क्षेत्र में मौजूद थी।
पुलिस को सूचना मिली थी कि जिला अंबाला के शाहजादपुर निवासी आरोपी रजत और मंगल खडालवा मंदिर की रेकी करने के लिए इलाके में घूम रहे हैं। पुलिस ने तुरंत तलाश शुरू की। खडालवा मंदिर के पास बाइक पर सवार दोनों युवक पुलिस को देखकर फरार हो गए।
पुलिस टीम ने पीछा किया तो मटोर-बढ़सिकरी रोड पर रजबाहा के पास आरोपियों की बाइक फिसल गई। इसके बाद आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने उन्हें आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन आरोपियों ने लगातार गोलीबारी जारी रखी।
डीएसपी के अनुसार पुलिस ने चेतावनी स्वरूप पांच हवाई फायर किए। इसी दौरान आरोपियों की एक गोली एचसी हरीश की बुलेटप्रूफ जैकेट में लगी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने नियंत्रित फायरिंग की, जिसमें दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी और उन्हें मौके पर ही काबू कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध हथियार बरामद किए हैं। आरोपी रजत के दाएं पैर और आरोपी मंगल के बाएं पैर में गोली लगी है। दोनों आरोपियों ने पुलिस पर कुल छह फायर किए।
जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी वर्ष 2022 में कैथल जिले में डेरों में हुई छह लूट और डकैती की वारदातों में वांछित थे। यह गिरोह पुलिस की वर्दी पहनकर खतरनाक हथियारों के साथ साधु-संतों के डेरों को निशाना बनाता था।
पुलिस के अनुसार इस गिरोह के सात सदस्यों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि रजत और मंगल पिछले चार वर्षों से फरार चल रहे थे। प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि दोनों आरोपी हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और राजस्थान में करीब 30 लूट और डकैती की वारदातों में वांछित हैं।


Leave a Reply