“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

समाधान शिविर में आमजन की समस्याएं सुनी गईं, 28 मई को होगी जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक

समाधान शिविर में आमजन की समस्याएं सुनी गईं, 28 मई को होगी जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक

📍 कैथल | 🗓️ 21 मई 2026

कैथल, 21 मई: डीसी अपराजिता के मार्गदर्शन में वीरवार को लघु सचिवालय सभागार में समाधान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में सहायक आयुक्त (अंडर ट्रेनी) शिवानी पांचाल और एसडीएम संजय कुमार ने आमजन की समस्याएं सुनते हुए संबंधित विभागों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान डीएसपी रमेश कुमार भी उपस्थित रहे।

शिविर में बिजली, पंचायत, राजस्व, परिवार पहचान पत्र, भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड तथा पुलिस विभाग से जुड़ी विभिन्न शिकायतें प्राप्त हुईं। अधिकारियों ने सभी शिकायतों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

शिवानी पांचाल ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार आयोजित समाधान शिविर आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों के अधिकारी उपलब्ध होने से लोगों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते।

शिविर के दौरान भगत सिंह कॉलोनी गली नंबर-8 के निवासी रामफल और अन्य लोगों ने क्षेत्र में ट्रांसफार्मर पर अधिक लोड के कारण बार-बार बिजली बाधित होने की शिकायत करते हुए अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की। इस पर बिजली विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

अंबेडकर कॉलोनी की कुछ महिलाओं ने एक महिला पर सस्ते सामान का झांसा देकर हजारों रुपये ठगने का आरोप लगाया और पुलिस कार्रवाई की मांग की। वहीं ग्राम चंदाना निवासी राजेश कुमार ने सरकारी योजना के तहत आवंटित 100-100 गज के प्लॉटों की पैमाइश कर कब्जा दिलाने की मांग रखी। इस मामले में डीडीपीओ को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा निर्मला देवी ने कन्यादान योजना की सहायता राशि नहीं मिलने की शिकायत दर्ज करवाई, जबकि आशीष शर्मा ने परिवार पहचान पत्र में आय सत्यापन की मांग की। सभी शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजकर जल्द समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया।

एसडीएम संजय कुमार ने नागरिकों से अपील की कि वे प्रत्येक सोमवार और वीरवार को सुबह 10 से 12 बजे तक आयोजित समाधान शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

इसी दौरान डीसी अपराजिता ने जानकारी दी कि जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक अब 25 मई की बजाय 28 मई को दोपहर 2 बजे आरकेएसडी कॉलेज सभागार में आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *