4380 नशीली गोलियों के मामले में सप्लायर राहुल गिरफ्तार, स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट की कार्रवाई
कैथल, 09 मई 2026: नशा तस्करों की जड़ तक पहुंचने के लिए जिला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट ने 4380 प्रतिबंधित नशीली गोलियों की बरामदगी के मामले में सप्लायर को भी गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार की गई।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 7 मई को स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार की अगुवाई में एएसआई शमशेर सिंह की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर सिरसा ब्रांच नहर पटरी पर गांव चंदाना की ओर नाकाबंदी की थी। इस दौरान मोटरसाइकिल पर आए गांव सांघन निवासी बिन्टु को गिरफ्तार किया गया था।
आरोपी के कब्जे से लोराजेपम नामक टैबलेट के 146 पत्तों में कुल 4380 प्रतिबंधित नशीली गोलियां बरामद हुई थीं। इस संबंध में थाना तितरम में मामला दर्ज कर जांच एएसआई तरसेम कुमार द्वारा शुरू की गई।
पुलिस ने आरोपी बिन्टु का न्यायालय से दो दिन का रिमांड प्राप्त किया। पूछताछ के दौरान उसने खुलासा किया कि यह नशीली गोलियां उसे गांव नरड़ निवासी राहुल ने उपलब्ध करवाई थीं।
इस खुलासे के आधार पर एएसआई तरसेम कुमार की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी राहुल को पुराना बस अड्डा कैथल के पास से गिरफ्तार कर लिया।
शनिवार को आरोपी बिन्टु को न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया, जबकि आरोपी राहुल का पुलिस रिमांड हासिल कर उससे पूछताछ की जा रही है।















Leave a Reply