क्राइम मीटिंग में अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे पर जोर: एसपी मनप्रीत सिंह सूदन
कैथल, 24 अप्रैल: जिला पुलिस द्वारा अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने, लंबित मामलों के त्वरित निपटारे तथा कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस लाइन कैथल में पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन की अध्यक्षता में क्राइम मीटिंग आयोजित की गई।
बैठक में डीएसपी बीर भान, डीएसपी गुरविंद्र सिंह, डीएसपी सुशील प्रकाश, डीएसपी रोहताश, डीएसपी रमेश चंद्र सहित सभी थाना प्रबंधक व चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि बैठक में गंभीर अपराधों की जांच, लंबित मामलों के निपटारे, गिरफ्तारी दर में वृद्धि, नशा व साइबर अपराधों पर नियंत्रण, महिला सुरक्षा तथा शिकायत निवारण प्रक्रिया को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए गए।
एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि पुलिस का पहला कर्तव्य अपना काम अच्छे से करते हुए अपराधी को पकड़कर जनता को सुरक्षित माहौल देना है। उन्होंने निर्देश दिए कि थाना व चौकी में आने वाले परिवादियों से मधुर व्यवहार करते हुए उनकी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने सभी कर्मचारियों को करप्शन पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने के निर्देश दिए। गंभीर व जघन्य अपराधों जैसे हत्या, हत्या के प्रयास, बलात्कार, पोक्सो आदि मामलों में तेजी से जांच कर आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा गया।
साइबर अपराधों पर विशेष फोकस रखते हुए अधिक से अधिक गिरफ्तारी व रिकवरी करने तथा पीड़ितों की ठगी गई राशि को शीघ्र फ्रीज कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही उद्घोषित अपराधियों, बेल जम्परों व वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा गया।
बैठक में नशा मुक्ति अभियान की समीक्षा करते हुए नशा तस्करों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई, पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत संपत्ति जब्ती और नशा मुक्त गांवों की दिशा में कार्य करने के निर्देश दिए गए।
ऑपरेशन मुस्कान के तहत गुमशुदा बच्चों व महिलाओं की तलाश तेज करने, रात्रि गश्त बढ़ाने तथा सीलिंग प्लान के तहत त्वरित पुलिस कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
इसके अतिरिक्त सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से गुमशुदा मोबाइल बरामद करने, अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाने और उनकी नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के अंत में एसपी ने सभी अधिकारियों को अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे और बेहतर पुलिसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

















Leave a Reply