“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

इंग्लैंड भेजने के नाम पर 12.46 लाख की ठगी, मुख्य आरोपी मुकेश कुमार गिरफ्तार

इंग्लैंड भेजने के नाम पर 12.46 लाख की ठगी, आरोपी मुकेश कुमार गिरफ्तार

📍 कैथल | 🗓️ Updated: 22 April 2026
विदेश भेजने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी, पुलिस ने मुख्य आरोपी को किया गिरफ्तार।

कैथल, 22 अप्रैल: विदेश भेजने के नाम पर आमजन से ठगी करने वाले आरोपियों पर एसपी राजेश कालिया के निर्देशानुसार कैथल पुलिस लगातार शिकंजा कस रही है। इसी कड़ी में इंग्लैंड भेजने के नाम पर 12.46 लाख रुपये की ठगी के मामले में इकनॉमिक सेल की टीम ने आरोपी मोहाली (पंजाब) निवासी मुकेश कुमार को काबू किया है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार डेरा गरजा सिंह कैथल निवासी जसवंत सिंह ने शिकायत दी थी कि वह 10वीं कक्षा तक पढ़ा-लिखा है और बेरोजगार होने के कारण विदेश जाना चाहता था। उसका दोस्त तरुण शर्मा भी विदेश जाना चाहता था। वर्ष 2023 में वह अपने मामा के घर गांव खुड़ा (पंजाब) गया, जहां उसकी पहचान एजेंट राजकुमार से हुई, जिसने लोगों को विदेश भेजने का दावा किया।

राजकुमार ने बाद में फोन पर संपर्क कर बताया कि उसका बेटा सुमित भी विदेश भेजने का काम करता है। दोनों दोस्तों को झांसे में लेकर प्रति व्यक्ति 12 लाख रुपये में इंग्लैंड भेजने की बात तय हुई। नवंबर 2023 में आरोपी उनके दस्तावेज लेकर गया और 12 से 24 दिसंबर 2023 के बीच उनसे 12 लाख 46 हजार रुपये ले लिए।

4 जनवरी 2024 को आरोपियों ने इंग्लैंड वीजा की अधूरी फोटो भेजी और कहा कि मुख्य एजेंट मुकेश कुमार से कागजात लेकर आएंगे। बाद में फ्लाइट की तारीख बदलने का बहाना बनाकर व्हाट्सएप के जरिए नकली टिकट भेज दिए गए। जब जांच की गई तो वीजा फर्जी निकला।

पीड़ितों द्वारा पैसे वापस मांगने पर आरोपियों ने धमकी दी। इस संबंध में थाना शहर में मामला दर्ज किया गया था, जिसमें पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

आरोपी मुकेश कुमार पहले से ही एक अन्य मामले में सेंट्रल जेल अंबाला में बंद था। उसे इस मामले में गिरफ्तार करने के लिए न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट लिया गया। जांच में सामने आया कि आरोपी ने एजेंट के रूप में कार्य करते हुए नकली वीजा और दस्तावेज तैयार किए थे।

पुलिस ने आरोपी का 2 दिन का रिमांड हासिल कर आगे की पूछताछ शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *