“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

यूथ क्लब पंजीकरण अभियान में तेजी लाएं अधिकारी, युवाओं को मिलेगा सरकारी योजनाओं का लाभ : सतीश मच्छाल

यूथ क्लब पंजीकरण अभियान में तेजी लाएं अधिकारी, युवाओं को मिलेगा सरकारी योजनाओं का लाभ : सतीश मच्छाल

📍 कैथल | 🗓️ 09 मई 2026

कैथल, 09 मई 2026: जिला युवा समन्वयक अधिकारी सतीश मच्छाल ने सभी जूनियर खंड युवा अधिकारियों और कॉलेज प्राचार्यों को निर्देश दिए हैं कि वे ग्राम पंचायतों के साथ समन्वय स्थापित कर यूथ क्लब पंजीकरण कार्य में तेजी लाएं। उन्होंने कहा कि इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए ताकि युवाओं तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ पहुंचाया जा सके।

सतीश मच्छाल अपने कार्यालय में आयोजित जिला स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में युवा क्लब पंजीकरण अभियान की प्रगति की समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

उन्होंने बताया कि युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता विभाग हरियाणा द्वारा युवाओं से संबंधित गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रत्येक जिले में जिला युवा समन्वयक अधिकारी तथा खंड स्तर पर खंड युवा समन्वयक अधिकारी और जूनियर खंड युवा समन्वयक अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।

विभाग की नीति के अनुसार प्रत्येक गांव में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं के बीच सामाजिक गतिविधियों और राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करने के लिए 11 से 20 युवाओं का युवक मंडल या युवती मंडल गठित किया जाएगा।

इन यूथ क्लबों के माध्यम से वर्षभर महापुरुषों के जन्मदिवस, शहीदी दिवस, सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता अभियान तथा खेल गतिविधियों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखकर खेलकूद और सामाजिक कार्यों की ओर प्रेरित करना है।

सतीश मच्छाल ने बताया कि विभाग द्वारा पंजीकृत यूथ क्लबों को प्रतिमाह वित्तीय सहायता देने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए क्लबों का पंजीकृत होना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि डीसी अपराजिता के मार्गदर्शन तथा नोडल अधिकारी एवं कलायत एसडीएम अजय हूडा के निर्देशानुसार पंजीकरण अभियान को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।

बैठक में एनएसएस अधिकारी शमशेर सिंह मलिक, जूनियर खंड युवा अधिकारी रविकेश, रविंद्र, नरेंद्र कुमार, प्रमोद कुमार, नवीन प्रकाश कालिया, पूनम, शिवानी अरोड़ा, मोनिका, सुदेश, रोहित कुमार, उमेश धीमान, नरेश पंवार और प्रदीप कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *