“नशा मुक्त हो जिला” अभियान: गांव-गांव पहुंचकर युवाओं को किया जा रहा जागरूक
कैथल, 05 मई: नशे के खिलाफ छेड़ी गई मुहिम को और मजबूत बनाते हुए कैथल पुलिस द्वारा “नशा मुक्त हो जिला” अभियान को जमीनी स्तर तक पहुंचाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत जिले के विभिन्न गांवों में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि इसी कड़ी में ढांड क्षेत्र के गांव पबनावा, कौल, जडौला, बरोट और बदराना में पुलिस टीम द्वारा विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों, युवाओं, विद्यार्थियों व महिलाओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई और उन्हें इस बुराई से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस टीम में शामिल एसआई कर्मबीर सिंह, एएसआई मनोज, एचसी दिनेश, सिपाही नसीब, महिला सिपाही नीलम, महिला एसपीओ गीता और एसपीओ चांदी राम ने लोगों को बताया कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार और पूरे समाज को भी प्रभावित करता है। युवाओं को विशेष रूप से खेल, शिक्षा और रोजगार की ओर ध्यान देने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि वे अपने भविष्य को सुरक्षित बना सकें।
इसके साथ ही आमजन से अपील की गई कि यदि उनके आसपास कहीं भी नशे का अवैध कारोबार हो रहा हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों ने भी पुलिस के इस प्रयास की सराहना करते हुए नशामुक्त समाज बनाने में सहयोग देने का संकल्प लिया। कैथल पुलिस का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि जिले को नशामुक्त बनाने के लक्ष्य को जल्द हासिल किया जा सके।









Leave a Reply