जमीन बेचने के नाम पर 80 लाख की ठगी मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार, 5 आरोपी पहले ही जा चुके हैं काबू
कैथल। आमजन से ठगी करने वाले आरोपियों पर एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार शिकंजा कसते हुए जमीन बेचने के नाम पर 80 लाख रुपए की ठगी मामले की जांच कर रही इकनॉमिक सैल टीम ने एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया है।
इकनॉमिक सैल प्रभारी इंस्पेक्टर ओमप्रकाश की अगुवाई में एसआई कुलबीर सिंह की टीम द्वारा कार्रवाई करते हुए आरोपी ब्रिज मोहन निवासी जीरकपुर, जिला मोहाली (पंजाब) को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि गांव डयोढखेड़ी निवासी शीशपाल व जोगिंद्र ने शिकायत दी थी कि वे भूमि खरीदना चाहते थे। इसी दौरान डीलर का कार्य करने वाले कर्मजीत निवासी खेड़ी निगरा (पटियाला), जोगिंद्र सिंह व अंग्रेज सिंह निवासी समाना (पंजाब) उनसे मिले और उन्हें कई स्थानों पर जमीन दिखाई।
आरोपियों ने उन्हें गांव शादीपुर, तहसील गुहला स्थित 50 कनाल 15 मरले भूमि दिखाई, जो उन्हें पसंद आ गई। इसके बाद डीलरों ने गांव पलौंदिया, जिला पटियाला निवासी अमरजीत सिंह व कमलजीत सिंह से यह कहकर मिलवाया कि उक्त भूमि उनकी है।
37 लाख 75 हजार रुपए प्रति एकड़ के हिसाब से जमीन का सौदा तय हुआ। 12 मार्च को शिकायतकर्ताओं से 60 लाख रुपए बयाना राशि लेकर इकरारनामा तैयार करवा दिया गया। इसके बाद 21 अप्रैल को उन्होंने 20 लाख रुपए और दे दिए तथा रजिस्ट्री की तारीख 22 मई निर्धारित की गई।
22 मई को जब वे रजिस्ट्री करवाने के लिए तहसील गुहला पहुंचे तो आरोपी वहां नहीं आए। बाद में गांव शादीपुर पहुंचकर जानकारी लेने पर उन्हें पता चला कि आरोपियों ने षड्यंत्र रचकर उनके साथ धोखाधड़ी की है। जिन व्यक्तियों से उन्हें अमरजीत और कमलजीत बताकर मिलवाया गया था, वे वास्तव में इन नामों के व्यक्ति ही नहीं थे।
इस संबंध में थाना गुहला में मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी ब्रिज मोहन ने जमीन के असली मालिक अमरजीत के नाम पर फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड और बयाना दस्तावेज तैयार कर स्वयं को अमरजीत सिंह बताकर धोखाधड़ी को अंजाम दिया था।
पुलिस के अनुसार इस मामले में 5 आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। आरोपी ब्रिज मोहन से गहन पूछताछ के लिए अदालत से दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।


Leave a Reply