मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के दिए निर्देश
कैथल। अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) सुशील कुमार ने कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से संपन्न किया जाए। उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता के लिए व्यापक जनजागरूकता बेहद आवश्यक है और प्रत्येक विभाग को अपनी जिम्मेदारी सक्रियता से निभानी होगी।
एडीसी सुशील कुमार वीरवार को लघु सचिवालय में आयोजित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए।
स्वीप गतिविधियों के तहत चलाएं जागरूकता अभियान
एडीसी ने कहा कि स्वीप गतिविधियों के तहत मतदाता जागरूकता अभियान को व्यापक स्तर पर चलाया जाए। पंचायतों में नियमित रूप से मुनादी करवाई जाए तथा धरातल पर प्रभावी गतिविधियां दिखाई देनी चाहिए, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इस अभियान से जुड़ सकें।
आंगनवाड़ी, आशा व एएनएम कार्यकर्ताओं का लिया जाएगा सहयोग
उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा वर्कर और एएनएम, बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के साथ समन्वय स्थापित कर अभियान में सक्रिय सहयोग करें।
इसके अलावा जिला उच्च शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए गए कि कॉलेज खुलते ही मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। लिटरेसी क्लब और चुनाव पाठशालाओं के माध्यम से ऐसे युवाओं का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए जो 1 जुलाई 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर मतदाता बनने के पात्र होंगे।
बसों, पेट्रोल पंपों और सार्वजनिक स्थानों पर होगा प्रचार
एडीसी ने जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी को अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए। वहीं रोडवेज महाप्रबंधक को बसों पर तथा जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक को पेट्रोल पंपों पर जागरूकता पोस्टर और बैनर लगाने के निर्देश दिए गए।
नगर परिषद और अन्य स्थानीय निकायों को भी लाउडस्पीकर के माध्यम से नियमित घोषणाएं करवाने के लिए कहा गया, ताकि मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान की जानकारी आमजन तक पहुंच सके।
घर-घर जाकर किया जाएगा मतदाता सत्यापन
उन्होंने कहा कि सभी सरकारी विभाग अपने कर्मचारियों और उनके परिवार के 18 वर्ष से अधिक आयु के पात्र सदस्यों का मतदाता पंजीकरण सुनिश्चित करेंगे। शहरी क्षेत्रों में बीएलओ के साथ विभिन्न विभागों के कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी, ताकि घर-घर जाकर मतदाता सत्यापन कार्य प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सके।
इस अभियान में स्थानीय जनप्रतिनिधियों का भी सहयोग लिया जाएगा, जिससे अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
21 जुलाई से शुरू होगी दावे और आपत्तियों की प्रक्रिया
एडीसी सुशील कुमार ने बताया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के तहत दावे और आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 21 जुलाई से 20 अगस्त 2026 तक रहेगी। वहीं दावे और आपत्तियों का निपटान 21 जुलाई से 18 सितंबर 2026 तक किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 22 सितंबर 2026 को किया जाएगा। एडीसी ने आमजन से अपील की कि वे अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और अपने मतदाता संबंधी विवरणों का सत्यापन अवश्य करवाएं।




Leave a Reply