विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत घर-घर पहुंचेंगे बीएलओ, नागरिक करें सहयोग : डीसी अपराजिता
कैथल: डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अपराजिता ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की तैयारियों को लेकर निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों (ईआरओ) तथा सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों (एईआरओ) की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में अभियान की रूपरेखा, अधिकारियों की जिम्मेदारियों तथा मतदाता सूची को त्रुटिहीन बनाने संबंधी कार्यों की समीक्षा की गई।
डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप अभियान को पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को पूरी तरह सटीक और अद्यतन बनाना है ताकि केवल पात्र मतदाताओं के नाम ही सूची में शामिल रहें।
मीडिया को जानकारी देते हुए डीसी अपराजिता ने बताया कि अभियान के तहत मृत, स्थानांतरित और अपात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जाएंगे, जबकि 1 जुलाई 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र युवाओं के नाम सूची में जोड़े जाएंगे।
उन्होंने बताया कि 5 जून से 15 जून 2026 तक अधिकारियों और कर्मचारियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद 15 जून से 14 जुलाई 2026 तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर सर्वेक्षण करेंगे और मतदाता विवरण का सत्यापन करेंगे।
डीसी के अनुसार कैथल जिले में चार विधानसभा क्षेत्र और 807 मतदान केंद्र हैं। जिले में लगभग 8 लाख 28 हजार मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें से करीब 6.5 लाख मतदाताओं की मैपिंग पूरी हो चुकी है, जबकि शेष मतदाताओं की मैपिंग घर-घर सर्वे के माध्यम से पूरी की जाएगी।
उन्होंने सभी ईआरओ और एईआरओ को अभियान की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा अपने-अपने क्षेत्रों में सर्वे कार्य की लगातार समीक्षा करने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी प्रकार की लापरवाही या त्रुटि से बचने के लिए पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करने को कहा।
डीसी अपराजिता ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि जब भी बीएलओ घर-घर सर्वे के लिए आएं तो उन्हें सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं। परिवार या आसपास के मृत, स्थानांतरित अथवा अयोग्य मतदाताओं की जानकारी साझा करें तथा पात्र युवाओं के नाम मतदाता सूची में दर्ज करवाने में सहयोग दें।
उन्होंने राजनीतिक दलों से भी आग्रह किया कि जिन दलों ने अभी तक अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-2) नियुक्त नहीं किए हैं, वे शीघ्र नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करें ताकि पुनरीक्षण अभियान को और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाया जा सके।
बैठक में सहायक आयुक्त (अंडर ट्रेनी) एवं एडीसी डॉ. सुशील कुमार, कैथल एसडीएम संजय कुमार, कलायत एसडीएम अजय हुड्डा, सीटीएम कैप्टन प्रमेश कुमार, डीआरओ चंद्रमोहन, चुनाव कानूनगो राजकुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।





Leave a Reply