“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

विकास कार्यों में लाएं तेजी, नियमित रूप से करें मॉनिटरिंग : डीसी अपराजिता

विकास कार्यों में लाएं तेजी, नियमित रूप से करें मॉनिटरिंग : डीसी अपराजिता

कैथल। डीसी अपराजिता ने सोमवार को शहरी स्थानीय निकाय विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर विभिन्न विकास परियोजनाओं, मुख्यमंत्री घोषणाओं तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे किए जाएं तथा उनकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।

बैठक के दौरान चीका में निर्माणाधीन स्टेडियम परियोजना की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि परियोजना का लगभग 93 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। कार्य में देरी करने पर संबंधित एजेंसी पर पेनल्टी लगाई गई है तथा आगामी दो माह के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

पूंडरी में हाईमास्ट लाइट परियोजना की समीक्षा के दौरान बताया गया कि लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और शेष कार्य एक माह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वहीं सीसीटीवी कैमरा परियोजना प्रशासनिक स्वीकृति के लिए मुख्यालय स्तर पर लंबित है।

डीसी अपराजिता ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों को तय समय सीमा में पूरा करवाया जाए तथा कार्यों की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में स्वच्छ भारत मिशन एवं ठोस कचरा प्रबंधन की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि कचरे के पृथक्करण को लेकर विभिन्न वार्डों में जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। डीसी ने जनजागरूकता गतिविधियों को और तेज करने के निर्देश दिए तथा सभी वाहनों में शत-प्रतिशत जीपीएस प्रणाली और सफाई कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने आवारा कुत्तों की नसबंदी एवं पकड़ने के लिए नए टेंडर की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी)-2, पीएम स्वनिधि योजना, प्रॉपर्टी आईडी सेल्फ वेरिफिकेशन, पार्कों के रखरखाव एवं सौंदर्यीकरण सहित विभिन्न विकास कार्यों की भी विस्तार से समीक्षा की गई।

डीसी ने कहा कि सीएम विंडो, जन संवाद और अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा किया जाए। प्रत्येक विकास कार्य की नियमित प्रगति रिपोर्ट तैयार की जाए और समीक्षा बैठकों में अद्यतन आंकड़ों के साथ उपस्थित हों।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं एवं विकास परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करते हुए आमजन को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

इस अवसर पर डीएमसी कपिल शर्मा, ईओ संदीप सोलंकी, एआईपीआरओ अमित कौशिक, नगर परिषद सचिव पवन शर्मा सहित विभिन्न नगर पालिकाओं के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *