“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

विदेशी रिश्तेदार बनकर साइबर ठगी करने वालों से रहें सावधान: एसपी मनप्रीत सिंह सूदन

विदेशी रिश्तेदार बनकर साइबर ठगी करने वालों से रहें सावधान: एसपी मनप्रीत सिंह सूदन

📍 कैथल | 🗓️ 21 मई 2026

कैथल, 21 मई: साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि साइबर ठग अब विदेशों में रहने वाले रिश्तेदार या परिचित बनकर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं।

एसपी ने बताया कि आजकल बड़ी संख्या में लोग पढ़ाई और नौकरी के लिए विदेशों में रह रहे हैं। साइबर अपराधी इसी का फायदा उठाकर लोगों को कॉल करते हैं और कहते हैं कि उनका रिश्तेदार या बच्चा किसी झगड़े, एक्सीडेंट या कानूनी मामले में फंस गया है। इसके बाद वे समझौते या मदद के नाम पर पैसों की मांग करते हैं।

उन्होंने कहा कि कई बार घबराहट में लोग बिना जांच किए पैसे ट्रांसफर कर देते हैं और बाद में पता चलता है कि उनके साथ ठगी हो गई। इसके अलावा साइबर ठग विदेश से रिश्तेदार बनकर नकली पैसे ट्रांसफर की रसीद भेजते हैं और किसी एजेंट को पैसे देने के लिए कहते हैं।

एसपी ने बताया कि कुछ मामलों में ठग लिंक भेजकर उस पर क्लिक करने के लिए कहते हैं। जैसे ही व्यक्ति लिंक पर क्लिक करता है, उसका बैंक खाता खाली हो सकता है।

मनप्रीत सिंह सूदन ने लोगों से अपील की कि ऐसी किसी भी कॉल या संदेश पर तुरंत विश्वास न करें। पहले अपने अन्य परिचितों या संबंधित व्यक्ति से बात कर पूरी जांच करें। किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और न ही किसी के साथ ओटीपी, बैंक डिटेल या अन्य जरूरी दस्तावेज साझा करें।

उन्होंने कहा कि सावधानी और सतर्कता ही साइबर ठगी से बचने का सबसे प्रभावी तरीका है। यदि कोई व्यक्ति साइबर अपराध का शिकार होता है तो तुरंत भारत सरकार की साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *