थाना साइबर क्राइम पुलिस टीम को एसपी द्वारा प्रशंसा पत्र देकर किया सम्मानित
कैथल। वीरवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय कैथल में एसपी मनप्रीत सिंह सूदन द्वारा साइबर अपराधियों की गिरफ्तारी एवं साइबर अपराध से संबंधित शिकायतों के निस्तारण में सराहनीय कार्य करने वाली थाना साइबर क्राइम पुलिस टीम को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया।
सम्मानित किए गए पुलिस कर्मचारियों में थाना साइबर क्राइम इंचार्ज एएसआई मनीष कुमार, एएसआई विनोद कुमार, एएसआई जसबीर सिंह, एएसआई अमृत लाल, एचसी सतीश तथा सिपाही विक्रम शामिल रहे।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि उक्त टीम द्वारा पिछले दिनों मेवात क्षेत्र के जंगलों से साइबर अपराध में संलिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया था। इसके अलावा टीम ने साइबर अपराध के कई मामलों को सुलझाने तथा आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने पुलिस टीम के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि निष्ठापूर्वक ड्यूटी कर खाकी की गरिमा बनाए रखने वाले पुलिस कर्मचारियों पर विभाग को गर्व है। उन्होंने कहा कि कैथल पुलिस के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी इनसे प्रेरणा लेकर अपने कर्तव्यों का ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करें।
उन्होंने कहा कि बहादुरी, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारी एवं अधिकारियों को भविष्य में भी इसी प्रकार सम्मानित किया जाता रहेगा, जिससे पुलिस बल का मनोबल और अधिक मजबूत होगा।











Leave a Reply