“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

स्वस्थ जीवन, सकारात्मक सोच और फिट भारत का संकल्प है योग मैराथन : पूर्व विधायक लीला राम

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित योग मैराथन में सैकड़ों युवाओं ने लिया भाग, विजेताओं को किया सम्मानित

कैथल। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन, आयुष विभाग एवं खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को सर छोटू राम इंडोर स्टेडियम से योग मैराथन का आयोजन किया गया। “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” तथा “योग युक्त, नशा मुक्त” विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों युवाओं, महिलाओं और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व विधायक लीला राम ने योग मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मैराथन सर छोटू राम इंडोर स्टेडियम से शुरू होकर विश्वकर्मा चौक, सर छोटू राम चौक, ढांड रोड, सावित्रीबाई फुले चौक से होते हुए पुनः स्टेडियम परिसर में संपन्न हुई।

योग भारत की अमूल्य धरोहर : लीला राम

पूर्व विधायक लीला राम ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य धरोहर है, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि योग मैराथन केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन, सकारात्मक सोच और फिट भारत के संकल्प का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय की भागदौड़ भरी जीवनशैली में योग तनाव दूर करने, शरीर को स्वस्थ रखने और मन को एकाग्र बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। नियमित योगाभ्यास से अनेक बीमारियों से बचाव संभव है और जीवन में नई ऊर्जा का संचार होता है।

युवाओं ने दिखाया उत्साह

लीला राम ने युवाओं की सराहना करते हुए कहा कि देश की युवा शक्ति भारत के गौरव को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। योग मैराथन जैसे कार्यक्रम समाज में स्वास्थ्य जागरूकता, एकता और सकारात्मक जीवनशैली का संदेश देते हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।

जिला परिषद के सीईओ सुरेश राविश ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को योग के महत्व के प्रति जागरूक किया जाता है। उन्होंने बताया कि 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें सभी नागरिकों को आमंत्रित किया गया है।

योग विशेषज्ञों ने बताए योग के लाभ

योग विशेषज्ञ डॉ. एच.एस. हुड्डा ने उपस्थित लोगों को योग के महत्व की जानकारी दी तथा मौके पर विभिन्न यौगिक क्रियाओं का अभ्यास भी करवाया। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी है।

विजेता प्रतिभागियों को किया सम्मानित

योग मैराथन के समापन पर पूर्व विधायक लीला राम एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया। महिला वर्ग में रजनी प्रथम, राधिका द्वितीय, स्नेहा तृतीय, छवि चौथे तथा निष्ठा पांचवें स्थान पर रही।

पुरुष वर्ग में अंकुश प्रथम, रोहित द्वितीय, शिव सागर तृतीय, जश्न चौथे तथा रोहित पांचवें स्थान पर रहे। सभी विजेताओं को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।

पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

कार्यक्रम के दौरान पूर्व विधायक लीला राम ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ सर छोटू राम इंडोर स्टेडियम परिसर में पौधारोपण भी किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण को शुद्ध रखने में पेड़ों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है और प्रत्येक नागरिक को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए।

उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे स्वयं भी पौधारोपण करें और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

इस अवसर पर एसडीएम संजय कुमार, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. शकुंतला दहिया, सिविल सर्जन डॉ. रेणू चावला, डीआईपीआरओ नसीब सिंह सैनी, जिला खेल अधिकारी राजरानी, कार्यक्रम अधिकारी सपना, डीएसडब्ल्यूओ अमतेंद्र सिंह, हरपाल शर्मा क्योड़क, राहुल शर्मा, रामकुमार, राजाराम, कुशलपाल, डॉ. राजेंद्र कुमार, डॉ. सुनीता, कोच गुरमीत सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *