“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के तहत कैथल के 51 श्रद्धालु सोमनाथ मंदिर दर्शन के लिए रवाना

सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के तहत कैथल के 51 श्रद्धालु सोमनाथ मंदिर दर्शन के लिए रवाना

कैथल। सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत कैथल जिले के 51 बुजुर्ग श्रद्धालु सोमवार को पवित्र सोमनाथ मंदिर के दर्शन के लिए रवाना हुए। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र से विशेष रेलगाड़ी को हरी झंडी दिखाकर यात्रा का शुभारंभ किया, जिसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों के वरिष्ठ नागरिक शामिल हुए।

डीसी अपराजिता ने बताया कि श्री सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व मनाया जा रहा है। इस विशेष पहल के तहत प्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों को गुजरात के प्रभास पाटन स्थित पवित्र श्री सोमनाथ मंदिर के निशुल्क दर्शन करवाए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि इस यात्रा का पूरा खर्च हरियाणा सरकार द्वारा वहन किया जा रहा है। योजना के तहत पात्र वरिष्ठ नागरिकों से पहले आवेदन आमंत्रित किए गए थे, जिसके बाद चयनित श्रद्धालुओं को इस यात्रा में शामिल किया गया।

डीसी ने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के अंतर्गत प्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों को विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन करवाए जाते हैं। इससे पहले अयोध्या, प्रयागराज महाकुंभ, नांदेड़ साहिब सहित अनेक धार्मिक स्थलों की यात्राएं भी करवाई जा चुकी हैं।

उन्होंने बताया कि यह योजना विशेष रूप से 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के बुजुर्गों के लिए लाभकारी है। योजना में उन परिवारों के वरिष्ठ नागरिकों को प्राथमिकता दी जाती है, जिनकी वार्षिक आय 1 लाख 80 हजार रुपये तक है।

यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में दिखा उत्साह

विशेष रेलगाड़ी में सवार होते समय श्रद्धालुओं के चेहरों पर उत्साह और खुशी साफ दिखाई दी। बुजुर्ग यात्रियों ने हरियाणा सरकार और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है।

श्रद्धालुओं ने कहा कि सरकार के सहयोग से उन्हें सोमनाथ मंदिर के दर्शन करने का अवसर मिला है, जो उनके जीवन का एक यादगार और आध्यात्मिक अनुभव रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *