“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

शिरडी में कैथल के साईं भक्तों ने निकाली भव्य पालकी यात्रा, गूंजे साईं बाबा के जयकारे

शिरडी में कैथल के साईं भक्तों ने निकाली भव्य पालकी यात्रा, गूंजे साईं बाबा के जयकारे

कैथल/शिरडी। महाराष्ट्र के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल शिरडी में कैथल से पहुंचे साईं भक्तों ने गुरुवार को साईं बाबा की भव्य पालकी यात्रा निकालकर श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया। महाराष्ट्र बैंड और ढोल-नगाड़ों की मधुर धुनों के बीच निकाली गई इस पालकी यात्रा में श्रद्धालु साईं बाबा के जयकारे लगाते हुए पूरे जोश और भक्ति भाव के साथ शामिल हुए।

साईं मंदिर कैथल प्रबंधक कमेटी के उपप्रधान कृष्ण सलूजा, कमेटी सदस्य सुशील रहेजा, डॉ. राकेश चावला, अनिल गिरधर, आत्म प्रकाश मिड्डा, पादुका सेवा प्रभारी अनिल सलूजा, रवि रावल, मदन चावला, जोगिंदर कालरा, हैप्पी तेजरा, सोनू सुखिजा, टिम्मी मदान और कर्ण साईं सहित अनेक श्रद्धालुओं ने बड़े उत्साह के साथ साईं बाबा की पालकी को अपने कंधों पर उठाया।

श्रद्धालुओं ने बताया कि पालकी यात्रा की शुरुआत सुबह होटल साईबा से पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद ढोल-धमाकों और भजनों के बीच यात्रा शिरडी साईं मंदिर के गेट नंबर-1 से होते हुए खंडोबा मंदिर पहुंची।

खंडोबा मंदिर में श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजा-अर्चना और आरती की तथा प्रसाद वितरण किया। इसके पश्चात पालकी यात्रा द्वारकामाई, चावड़ी, मुख्य दर्शन स्थल और दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर होते हुए पुनः अपने प्रारंभिक स्थान पर पहुंची।

यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं द्वारा ठंडा मीठा पानी और कोल्ड ड्रिंक का वितरण भी किया गया। शिरडी की सड़कों पर निकली इस आकर्षक पालकी यात्रा ने स्थानीय श्रद्धालुओं और पर्यटकों का भी ध्यान आकर्षित किया।

साईं भक्तों ने इस अवसर पर कैथल जिले तथा समस्त क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली के लिए साईं बाबा से प्रार्थना की। श्रद्धालुओं ने कहा कि साईं बाबा की कृपा से यह धार्मिक यात्रा सफलतापूर्वक संपन्न हुई और सभी भक्तों को आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति हुई।

कैथल से शिरडी पहुंचे साईं भक्तों में मुकेश चावला, नवीन मल्होत्रा, नितिन गूगलानी, नवीन खेतरपाल, मोहिंदर कालरा, पंडित विकास लेखवार, पंडित राजीव शर्मा, ललित ठकराल, दीपक, दीप सलूजा और मोहिंदर कामरा सहित अनेक श्रद्धालु शामिल रहे।

सभी श्रद्धालुओं ने कैथल से शिरडी पहुंचे लगभग 150 भक्तों की सुखद, शांतिपूर्ण और मंगलमय धार्मिक यात्रा की कामना करते हुए सहयोग करने वाले सभी सेवादारों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *