समाधान शिविर में एसडीएम संजय कुमार ने सुनी जन शिकायतें, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश
कैथल। हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार तथा डीसी अपराजिता के मार्गदर्शन में आयोजित समाधान शिविर में एसडीएम संजय कुमार ने आमजन की शिकायतें सुनीं तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर उनके समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
शिविर में परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) में आय संशोधन, प्रॉपर्टी आईडी में त्रुटियां, भूमि पर अवैध कब्जे सहित विभिन्न प्रकार की शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। इस अवसर पर डीएसपी रमेश कुमार, डीडीपीओ रितु लाठर सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
एसडीएम संजय कुमार ने कहा कि समाधान शिविरों का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का एक ही स्थान पर त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान उपलब्ध करवाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत की तथ्यात्मक जांच कर निर्धारित समय सीमा में उसका निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
शिविर में वार्ड नंबर-31 निवासी एक महिला ने परिवार पहचान पत्र में दर्ज अपनी पारिवारिक आय को संशोधित करने संबंधी शिकायत प्रस्तुत की। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह तलाकशुदा है और अपनी बेटी के साथ पिता के घर रह रही है। पीपीपी में आय अधिक दर्ज होने के कारण उसे विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।
एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
एक अन्य शिकायत में महादेव कॉलोनी निवासी शशिबाला ने अपनी प्रॉपर्टी आईडी के ऑनलाइन रिकॉर्ड में किसी अन्य व्यक्ति का नाम दर्ज होने की शिकायत की। इस पर एसडीएम ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को मामले की जांच कर आवश्यक संशोधन करने के निर्देश दिए।
एसडीएम संजय कुमार ने कहा कि सरकार की मंशा है कि प्रत्येक नागरिक की शिकायत का निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध समाधान हो। उन्होंने अधिकारियों से जन शिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता और जवाबदेही बनाए रखने का आह्वान किया।
उन्होंने यह भी कहा कि जिन मामलों का समाधान मौके पर किया जा सकता है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर तुरंत निपटाया जाए ताकि आमजन को राहत मिल सके।





Leave a Reply