सड़क सुरक्षा अभियान के तहत एक सप्ताह में 109 वाहनों के चालान
कैथल, 18 मई: सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से जिला पुलिस द्वारा 11 मई से 17 मई तक विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले 109 वाहन चालकों के चालान किए गए।
पुलिस महानिरीक्षक यातायात एवं हाईवे हरियाणा के निर्देश तथा पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के तहत गलत लेन में वाहन चलाने, ध्वनि प्रदूषण फैलाने और नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान गलत लेन में वाहन चलाने के 58, ध्वनि प्रदूषण करने के 30 तथा शराब पीकर वाहन चलाने के 21 चालान काटे गए। कुल मिलाकर 109 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
ट्रैफिक पुलिस ने इस दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और नशे की हालत में वाहन न चलाने के लिए जागरूक भी किया।
पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी, साथ ही आमजन को जागरूक कर सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।











Leave a Reply