“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

आरटीओ चालान के नाम पर साइबर ठगी से रहें सावधान : एसपी मनप्रीत सिंह सूदन

आरटीओ चालान के नाम पर साइबर ठगी से रहें सावधान : एसपी मनप्रीत सिंह सूदन

कैथल। जिला पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन ने आमजन को साइबर अपराध के एक नए तरीके से सतर्क रहने की सलाह दी है। उन्होंने बताया कि साइबर ठग अब खुद को आरटीओ अधिकारी बताकर लोगों को ट्रैफिक चालान के नाम पर व्हाट्सएप पर एपीके (APK) फाइल भेज रहे हैं और लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं।

एसपी ने बताया कि जैसे ही कोई व्यक्ति इस एपीके फाइल को डाउनलोड कर अपने मोबाइल में ओपन करता है, उसका फोन हैक हो सकता है। इसके बाद साइबर ठग बैंकिंग डिटेल्स, व्यक्तिगत जानकारियां, ओटीपी और अन्य महत्वपूर्ण सूचनाओं तक पहुंच बनाकर आर्थिक नुकसान पहुंचाते हैं।

उन्होंने बताया कि कई मामलों में ठग व्हाट्सएप अकाउंट को भी हैक कर लेते हैं और पीड़ित के निजी व्हाट्सएप ग्रुपों में वही एपीके फाइल भेज देते हैं, ताकि अन्य लोगों को भी ठगी का शिकार बनाया जा सके।

एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि पुलिस ऐसे मामलों पर लगातार निगरानी रख रही है, लेकिन आमजन की सतर्कता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।

इन बातों का रखें विशेष ध्यान

किसी भी अनजान लिंक या एपीके फाइल को अपने मोबाइल फोन में डाउनलोड न करें। व्हाट्सएप या अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्राप्त होने वाले चालान संबंधी संदेशों पर बिना सत्यापन के विश्वास न करें।

उन्होंने कहा कि ट्रैफिक चालान की जानकारी केवल सरकार के अधिकृत पोर्टल, वेबसाइट या एम परिवहन एवं ई-चालान जैसे अधिकृत मोबाइल ऐप के माध्यम से ही जांचें।

यदि फाइल डाउनलोड हो जाए तो क्या करें

यदि किसी व्यक्ति ने गलती से ऐसी एपीके फाइल डाउनलोड कर ली है तो सबसे पहले मोबाइल इंटरनेट बंद करें। इसके बाद संदिग्ध ऐप को खोजकर तुरंत डिलीट करें और आवश्यक होने पर साइबर विशेषज्ञ की सहायता लें।

एसपी ने कहा कि किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज, लिंक या साइबर ठगी की सूचना तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या नजदीकी साइबर पुलिस स्टेशन अथवा थाना में दें।

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे सतर्क और जागरूक रहें तथा अपने परिवार और परिचितों को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करें, ताकि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *