“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

रिश्तेदार बनकर 12.40 लाख की साइबर ठगी करने वाला आरोपी पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार

रिश्तेदार बनकर 12.40 लाख की साइबर ठगी करने वाला आरोपी पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार

📍 कैथल | 🗓️ 22 मई 2026

कैथल, 22 मई: कैथल साइबर क्राइम पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए रिश्तेदार बनकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना साइबर क्राइम टीम इंचार्ज एएसआई मनीष कुमार की अगुवाई में एएसआई विनोद कुमार ने गांव देवग्राम, जिला उत्तर दिनाजपुर (पश्चिम बंगाल) निवासी आरोपी जयदेव बर्मन को गिरफ्तार किया।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार गांव फरल थाना पूंडरी निवासी गुरचरण सिंह ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि 8 जनवरी 2026 को उसके मोबाइल पर विदेश नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को उसका रिश्तेदार “लवली” बताया और कहा कि वह इंग्लैंड में रहता है तथा भारत आने वाला है।

आरोपी ने विश्वास जीतकर शिकायतकर्ता से बैंक खाता नंबर मांगा और दावा किया कि उसने विदेश से 14 लाख 65 हजार रुपये उसके खाते में भेज दिए हैं। इसके बाद एक अन्य व्यक्ति ने खुद को बैंक कर्मचारी बताकर फोन किया और कहा कि रकम 24 घंटे में खाते में पहुंच जाएगी।

इसके बाद अलग-अलग मोबाइल नंबरों से फोन कर शिकायतकर्ता से टिकट बुकिंग, अतिरिक्त सामान का टैक्स, मां की बीमारी और वीजा बढ़वाने जैसे बहाने बनाकर पैसे मांगे गए। शिकायतकर्ता ने विश्वास में आकर आरटीजीएस और अन्य माध्यमों से कुल 12 लाख 40 हजार रुपये आरोपियों द्वारा बताए गए बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए।

15 जनवरी 2026 को जब शिकायतकर्ता बैंक पहुंचा तो उसे पता चला कि उसके खाते में विदेश से कोई रकम नहीं आई है और उसके खाते से बड़ी राशि निकल चुकी है। इसके बाद उसे साइबर ठगी का पता चला।

मामले में थाना साइबर क्राइम में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी जयदेव बर्मन के बैंक खाते में साइबर ठगी की रकम ट्रांसफर हुई थी। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसे अदालत में पेश किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *