रात्रि प्रवास कार्यक्रम में डीसी अपराजिता ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, नहरी पानी परियोजना जल्द पूरी करने के निर्देश
कैथल। गांव दिल्लोवाली में आयोजित रात्रि प्रवास कार्यक्रम के दौरान डीसी अपराजिता ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने गांव दिल्लोवाली सहित आसपास के दस गांवों के लिए चल रही नहरी पानी परियोजना को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश जारी किए, ताकि क्षेत्र में पेयजल समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
कार्यक्रम में गांव की सरपंच सोनिया देवी, वीरभान, सतपाल, ज्ञानचंद, राजपाल तथा अन्य ग्रामीणों ने फूल मालाओं और पुष्पगुच्छ भेंट कर डीसी अपराजिता एवं अन्य अधिकारियों का स्वागत किया।
डीसी ने सबसे पहले विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया और इसके बाद ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। सरपंच सोनिया देवी ने गांव में किए गए विकास कार्यों की जानकारी देते हुए तालाब से पानी निकासी, तालाब के सौंदर्यीकरण, बिजली की तारें बदलने, आरओ प्लांट लगाने तथा सूखा और गीला कचरा उठाने के लिए वाहन उपलब्ध करवाने की मांग रखी।
डीसी अपराजिता ने इन सभी मांगों पर संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
ग्रामीणों ने नीलगायों की बढ़ती संख्या से फसलों को हो रहे नुकसान की शिकायत भी रखी। इस पर डीसी ने जिला वन अधिकारी को समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। वहीं गांव में पेंशन संबंधी सुविधाएं उपलब्ध करवाने की मांग पर समाज कल्याण विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
ग्रामीणों ने आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या, बुजुर्गों से निजी बसों में पूरी टिकट वसूले जाने तथा पेयजल पाइपलाइन की मांग भी रखी। इन मामलों में डीसी ने संबंधित विभागों को समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए।
जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि गांव दिल्लोवाली सहित आसपास के दस गांवों के लिए नहरी पानी परियोजना पर कार्य चल रहा है। डीसी ने इस परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
ग्रामीणों ने सरकारी स्कूलों में चौकीदार की व्यवस्था तथा गैस सिलेंडर की आपूर्ति ग्रामीण क्षेत्रों में भी शहरों की तर्ज पर 25 दिन में सुनिश्चित करने की मांग रखी। डीसी ने जिला शिक्षा अधिकारी तथा डीएफएससी को संबंधित विभागीय मुख्यालयों को पत्र भेजने के निर्देश दिए।
रात्रि प्रवास कार्यक्रम के दौरान बिजली, पेयजल, विवाह शगुन योजना सहित अन्य समस्याएं भी प्रशासन के समक्ष रखी गईं। डीसी अपराजिता ने अधिकारियों को सभी शिकायतों का समयबद्ध समाधान कर रिपोर्ट उपायुक्त कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
डीसी ने कहा कि सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों की प्रतिभा किसी से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि जिले के विद्यार्थियों ने गणित ओलंपियाड, बोर्ड परीक्षाओं और विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
लिंगानुपात विषय पर चर्चा करते हुए डीसी ने कहा कि कन्या भ्रूण हत्या और बेटियों के प्रति नकारात्मक सोच समाज के लिए गंभीर चुनौती है। उन्होंने ग्रामीणों से बेटियों की सुरक्षा, शिक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान गांव की बेटी अंजली, जिसने उड़ीसा में आयोजित नेशनल यूथ फेस्टिवल में राज्य स्तर पर प्रथम और राष्ट्रीय स्तर पर तृतीय स्थान प्राप्त किया, को डीसी अपराजिता ने “प्यारी बेटी” अभियान के तहत प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया।
जिला रेडक्रॉस सचिव रामजी लाल ने ग्रामीणों को नशा मुक्त समाज के निर्माण की शपथ दिलाई, जबकि सिविल सर्जन डॉ. रेणू चावला ने बेटियों की सुरक्षा और लिंगानुपात सुधार के लिए शपथ दिलाई।
इस अवसर पर सहायक आयुक्त (आईएएस) शिवानी पांचाल, एसपी मनप्रीत सिंह सूदन, एडीसी सुशील कुमार, जिला परिषद के सीईओ सुरेश राविश, एसडीएम संजय कुमार तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply