“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

राहगिरी कार्यक्रम में साइबर अपराधों से बचाव को लेकर किया जागरूक

राहगिरी कार्यक्रम में साइबर अपराधों से बचाव को लेकर किया जागरूक

📍 कैथल | 🗓️ 3 जून 2026

कैथल: आमजन को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से साइबर थाना पुलिस की टीम ने हनुमान वाटिका में आयोजित राहगिरी कार्यक्रम के दौरान विशेष जागरूकता अभियान चलाया। यह अभियान एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।

साइबर थाना प्रभारी एसआई रणदीप सिंह के नेतृत्व में पीएसआई जोनी और उनकी टीम ने उपस्थित लोगों को साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों तथा उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि डिजिटल युग में सुविधाओं के साथ-साथ साइबर अपराध भी तेजी से बढ़ रहे हैं, इसलिए सतर्कता और जागरूकता बेहद जरूरी है।

पुलिस टीम ने लोगों को सलाह दी कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी, बैंक खाते, एटीएम कार्ड, सीवीवी या अन्य व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा न करें। सोशल मीडिया, ईमेल या फोन कॉल के माध्यम से मिलने वाले लालचपूर्ण ऑफरों और संदेशों से भी सावधान रहने की अपील की गई।

अधिकारियों ने बताया कि साइबर ठग सोशल मीडिया पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर लोगों से दोस्ती करते हैं और धीरे-धीरे उनकी निजी जानकारी हासिल कर वित्तीय धोखाधड़ी को अंजाम देते हैं। ऐसे में सोशल मीडिया अकाउंट और बैंकिंग एप्स को सुरक्षित रखना तथा मजबूत पासवर्ड एवं मल्टी-फैक्टर ऑथेंटिकेशन का उपयोग करना आवश्यक है।

पुलिस ने ऑनलाइन खरीदारी के दौरान भी विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी और कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति या वेबसाइट को एडवांस भुगतान करने से पहले पूरी जांच-पड़ताल अवश्य करें।

कार्यक्रम के दौरान लोगों को बताया गया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाता है तो वह तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज करवाए, ताकि समय रहते कार्रवाई कर नुकसान को रोका जा सके।

पुलिस ने कहा कि साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका जागरूकता और सतर्कता है। आमजन सावधानी बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *