“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

नशे मुक्त हो जिला अभियान के तहत गांव-गांव पहुंच रही कैथल पुलिस, युवाओं को किया जागरूक

नशे मुक्त हो जिला अभियान के तहत गांव-गांव पहुंच रही कैथल पुलिस, युवाओं को किया जागरूक

📍 कैथल | 🗓️ 31 मई 2026

कैथल: नशे मुक्त हो जिला अभियान के तहत कैथल पुलिस द्वारा जिलेभर में व्यापक स्तर पर नशा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के नेतृत्व एवं निर्देशानुसार चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य युवाओं और आमजन को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराकर नशामुक्त समाज का निर्माण करना है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार नशा जागरूकता टीम में शामिल पीएसआई शनेष, एसआई कर्मबीर सिंह, एएसआई मनोज, एचसी दिनेश, सिपाही नसीब, महिला सिपाही नीलम, महिला एसपीओ गीता तथा एसपीओ चांदी राम द्वारा गांव कांगथली, सीवन और चीका के सभी वार्डों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रमों के दौरान ग्रामीणों, विद्यार्थियों, महिलाओं और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने बताया कि नशा व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करने के साथ-साथ परिवार और समाज पर भी नकारात्मक प्रभाव डालता है।

युवाओं को विशेष रूप से खेल, शिक्षा, रोजगार और अन्य सकारात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित किया गया ताकि वे नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर अपने भविष्य को सुरक्षित बना सकें। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा में लगाना ही नशामुक्त समाज की मजबूत नींव है।

पुलिस टीम ने आमजन से अपील की कि यदि उनके आसपास कहीं भी नशे का अवैध कारोबार संचालित हो रहा हो तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों ने भी पुलिस के इस अभियान की सराहना करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग देने का आश्वासन दिया। कैथल पुलिस ने कहा कि जिले को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से यह जागरूकता अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *