नशा मुक्त हो जिला अभियान के तहत कैथल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 10 दिनों में 40 तस्कर गिरफ्तार
कैथल। जिला पुलिस द्वारा जिले में अमन-चैन एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ नशा और शराब तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के नेतृत्व में चलाए जा रहे “नशा मुक्त हो जिला” अभियान के तहत जून माह के पहले 10 दिनों में पुलिस ने नशा एवं शराब तस्करी से जुड़े 29 मामलों में कार्रवाई करते हुए 40 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि नशा तस्करों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान के दौरान 11 मामले दर्ज कर 22 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 69.330 किलोग्राम डोडा पोस्त, 21.850 किलोग्राम गांजा, 3.239 किलोग्राम अफीम, 1 किलो 84 ग्राम चरस तथा 121.019 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। बरामद नशीले पदार्थों की कीमत लाखों रुपये आंकी गई है।
इसी प्रकार शराब तस्करों के खिलाफ भी जिला पुलिस द्वारा प्रभावी कार्रवाई करते हुए 18 मामलों में 18 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से 308 बोतल देसी शराब, 38 बोतल हथकढ़ी शराब तथा 48 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की गई।
पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि नशा समाज के लिए एक गंभीर चुनौती है, जिससे युवाओं का भविष्य प्रभावित होता है। कैथल पुलिस नशा तस्करों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि जिला पुलिस द्वारा नशा तस्करों के नेटवर्क को ध्वस्त करने, सप्लाई चेन को तोड़ने तथा युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के उद्देश्य से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। नशा तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने जिले के नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी क्षेत्र में नशा या अवैध शराब की बिक्री संबंधी कोई सूचना हो तो उसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्ण रूप से गोपनीय रखी जाएगी।
उन्होंने कहा कि पुलिस और आमजन के सहयोग से ही जिले को नशा मुक्त बनाया जा सकता है तथा कैथल पुलिस इस दिशा में पूरी प्रतिबद्धता और गंभीरता के साथ कार्य कर रही है।









Leave a Reply